आगरालीक्स आगरा में आज कुछ ही देर में सीएम योगी आदित्यनाथ प्रदेश भर के शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा का शुभारंभ करेंगे, जानें कार्यक्रम।
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विवि के खंदारी परिसर स्थित शिवाजी मंडपम में मुख्यमंत्री योगी आमुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ करेंगे। इस सुविधा से सात लाख से अधिक शिक्षक और उनके परिजनों को फायदा मिलेगा। यहां विश्वविद्यालयों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है। मुख्य कार्यक्रम शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा, जबकि स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर में एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों, शोध कार्यों और नवाचारों को प्रदर्शित करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के कई अन्य विश्वविद्यालय भी अपने स्टॉल लगाएंगे, जिनमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक, शोध एवं नवाचार संबंधी उपलब्धियों का प्रदर्शन किया जाएगा।
गेट नंबर सात से मिलेगा प्रवेश
स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर में मुख्य द्वार संख्या 07 से शिक्षकों, कर्मचारियों एवं अन्य निमंत्रित अतिथियों का प्रवेश होगा। इसके अलावा अन्य सभी गेट बंद रहेंगे। पार्किंग की व्यवस्था गेट संख्या 07 पर ही की गई है। बिना वैध पहचान पत्र, अनुमति पत्र अथवा गेट पास के किसी भी व्यक्ति को विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर एवं विश्वविद्यालय के अन्य परिसरों में किसी शिक्षक, अधिकारी या कर्मचारी से मिलने आने वाले बाहरी व्यक्ति को आधार कार्ड दिखाना होगा। उसका पूरा विवरण प्रवेश रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा तथा संबंधित व्यक्ति से दूरभाष पर पुष्टि होने के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा।
सुरक्षा कर्मी सभी परिसरों का नियमित निरीक्षण और गश्त करेंगे। यदि कोई बाहरी व्यक्ति छात्र के रूप में संदिग्ध स्थिति में पाया जाता है तो इसकी तत्काल सूचना प्रॉक्टोरियल बोर्ड को दी जाएगी।