आगरालीक्स…आगरा में खाटू श्याम के भजनों पर झूमे श्रद्धालु. अखंड ज्योति संग भजनों की मधुर लहरियों से गूंजा जीवनी मंडी खाटू श्याम मंदिर
रमणीक श्रृंगार में विराजमान खाटू श्याम बाबा। दर्शन के लिए उमड़ता भक्तो का हुजूम। कीर्तन में भक्तिभाव से परिपूर्ण संगीत की मधुर ध्वनि पर झूमते श्यामप्रेमी। श्याम दरबार में एक ओर भजन गायक अपनी स्वर लहरियां बिखेर रहे थे तो दूसरी ओर हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम उनके सुर में सुर मिला कर हौसला अफजाई कर रहा था। यह नजारा था जीवनी मंडी स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर का जहां आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति की ओर से आयोजित बारस की ज्योत के अवसर पर श्री श्याम अरदास संकीर्तन का आयोजन किया गया। श्री श्याम के जयकारों के बीच कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संस्थापक मोहित अग्रवाल, अध्यक्ष अमन गर्ग, सचिव गगन गर्ग, कोषाध्यक्ष नीरज अग्रवाल और उपाध्यक्ष सौरभ बंसल ने खाटू श्याम के समक्ष अखंड पावन ज्योति प्रज्ज्वलित कर किया।दिल्ली से आये मुख्य भजन गायक विपिन गुप्ता ने मंच पर आते ही श्याम बाबा के आगे शीश झुका कर श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। पहले भजन सांवरे को दिल में बसा कर तो देखो.. से संकीर्तन की शुरुआत की। उसके बाद मुझे रास आ गया है तेरे दर पे सर झुकाना.., दानी होकर क्यूँ चुप बैठा.., कलाई पकड़ ले पकड़ता ना कोई.., बाबा ये नैया कैसे डगमग डोली जाये.. आदि भजन गाये तो श्याम प्रेमी झूम उठे। मुख्य गायक से पहले भजन गायिका मीनाक्षी शर्मा ने रोती हुई आँखों को मेरे श्याम हंसाते है.., आरोही दीक्षित ने मनमोहना दरबार सावरिया ऐसो साजो प्यारो.., विकास वर्मा ने जब कोई नहीं आता तब मेरे श्याम आते है.., दीपक ठाकुर ने ओ बाबा इतनी कृपा मैं तेरी पाती रहूँ.. आदि अपने भजनों से श्याम बाबा को खूब रिझाया।
ऑर्चिड के फूलों से सजाया श्याम दरबारश्याम बाबा का अलौकिक श्रृंगार नयी दिल्ली से आए रजनीगंधा, ऑर्चिड, बेला, चमेली, गेंदा, सफेद और लाल व गुलाब के फूलों से किया। कन्नौज के इत्रों की सुगंध ने पुरे श्याम दरबार को महका दिया। बाबा की अखंड ज्योति का श्याम प्रेमियों ने भक्ति लाभ प्राप्त किया। समापन पर श्रद्धालुओं ने खाटू नरेश की महाआरती की। इस अवसर शशांक अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, निखिल अग्रवाल, उमेश, विशाल, यश, अमित, आशु, राहुल आदि मौजूद रहे।