आगरालीक्स आगरा में सावन में कांवड़ यात्रा को लेकर कड़े इंतजाम, मानक से ज्यादा ऊंचाई की कांवड़ नहीं ले जा सकेंगे, डाक कावड़ के बढ़ते चलन को देखते हुए यातायात संबंधी दिशा निर्देश किए गए जारी।
कांवड़ यात्रा, सावन मास के सोमवार एवं इस अवधि में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक आयोजनों के दृष्टिगत पुलिस लाइन सभागार में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार व जिलाधिकारी मनीष बंसल व द्वारा बैठक आयोजित की गई। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुगम व्यवस्थाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समय से तैयारियां पूर्ण करें। विद्युत विभाग को कांवड़ एवं परिक्रमा मार्गों पर झूलते विद्युत तारों को दुरुस्त कराने, नगर निगम, नगर पंचायतों को साफ-सफाई, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संबंधित विभागों को मार्गों पर आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को कांवड़ सेवा शिविरों एवं भंडारों में श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता पर सतत निगरानी रखने तथा स्वास्थ्य विभाग को प्रमुख स्थलों पर एंबुलेंस एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकता अनुसार क्रेन एवं अन्य संसाधनों की भी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने, इस अवधि में पड़ने वाले अन्य धार्मिक आयोजनों एवं मुस्लिम समुदाय के त्योहारों को भी आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में अपील की।
सावन के दूसरे सोमवार को आगरा के शिवालयों की परिक्रमा
आगरा में सावन के दूसरे सोमवार पर चारों शिवालयों की परिक्रमा लगती है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार जी ने बताया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार की गई है। कांवड़ एवं परिक्रमा मार्गों पर प्रभावी निगरानी, प्रमुख स्थलों पर पर्याप्त पुलिस व्यवस्था तथा जनपद की सीमाओं, विशेषकर मध्य प्रदेश के धौलपुर, मुरैना, श्योपुर तथा राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों पर समन्वित यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि डाक कांवड़ मार्गों एवं घाटों पर आवश्यक बैरियर लगाए जाएं, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा जाए तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों एवं कांवड़ की निर्धारित ऊंचाई सहित शासन के निर्धारित मानकों का सभी के सहयोग से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। शिव मंदिर एवं परिक्रमा मार्गों पर मीट की दुकानों पर प्रतिबंध सुनिश्चित किया जाए।