आगरालीक्स …Agra News: आगरा में कोचिंग संचालक पर छात्रा को होटल में बुलाकर कमरे में ले जाने के आरोप के मामले में नया मोड़, जानकार रह जाएंगे हैरान।
आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के थाने में शुक्रवार शाम को होटल के कमरे में बुरी नीयत से छात्रा को ले जाने का शोर मचने पर स्थानीय लोगों ने कोचिंग संचालक की पिटाई लगाकर पुलिस को सौंप दिया था। पुलिस ने मामले की जांच की, इंस्पेक्टर सिकंदरा राजीव त्यागी का मीडिया से कहना है कि जांच में सामने आया कि युवती बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा है वह कोचिंग संचालक को पहले से जानती है। उसके साथ काम भी कर चुकी है, अभी जनसेवा केंद्र पर काम कर रही है। सुबह पौने पांच बजे युवती ने कोचिंग संचालक को मिलने के लिए व्हाटस एप पर मैसेज किया था। कोचिंग संचालक अविवाहित है वह छात्रा से मिलने के लिए तैयार हो गया।
होटल के सीसीटीवी से खुल गया मामला
पुलिस ने होटल के सीसीटीवी चेक किए, इसमें सामने आया कि छात्रा के साथ कोचिंग संचालक के होटल में पहुंचते ही पीछे से भीड़ आ गई और कोचिंग संचालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। पुलिस की जांच में सामने आया कि छात्रा अपने साथ पहले से ही दो युवकों को लेकर आई थी। पुलिस ने कोचिंग संचालक को छोड़ दिया और कोचिंग संचालक की पिटाई लगाने वाले युवकों के खिलाफ शांति भंग में कार्रवाई की है। पुलिस ने छात्रा से भी ऐसा क्यों किया यह जानने की कोशिश की लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। छात्रा के परिजनों को भी इस मामले की कोई जानकारी नहीं थी।