आगरालीक्स…आगरा के कैलाश मन्दिर, बल्केश्वर मन्दिर तथा राजेश्वर मंदिर का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम. सावन के पहले सोमवार, कावंड़ यात्रा और यमुना घाटों को लेकर देखी व्यवस्थाएं. ये निर्देश दिए
सावन के पहले सोमवार में आगरा के प्रमुख शिवालयों का निरीक्षण करने के लिए जिलाधिकारी मनीष बंसल अन्य अधिकारियों के साथ पहुंचे. उन्होंने सावन मास के प्रथम सोमवार व कांवड़ यात्रा को लेकर शहर के शिव मंदिरों का निरीक्षण किया गया. जिलाधिकारी सबसे पहले कैलाश मंदिर पहुंचे जहां मंदिर परिसर तथा यमुना घाट पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया, तथा कैलाश मंदिर के महंतों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की. महंत कैलाश मंदिर ने बताया कि विशेष रूप से, प्रथम सोमवार व कांवड़ यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नगर निगम के अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक रैंप, मेडिकल कैम्प, बैरीकेडिंग, फुब्बारा सहित प्रमुख स्थानों पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने, मन्दिर प्रांगण में कुड़ा कलेक्शन हेतु डस्टबिन उपलब्ध कराने, सौंदर्यीकरण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए.

इसके बाद उन्होंने बल्केश्वर मंदिर पहुंचकर परिसर का निरीक्षण किया, यमुना पर बने पार्वती घाट पर व्यवस्थाएं देखी,तथा नगर निगम को रैंप, बेरीकेडिंग आदि बनाने तथा सड़कों के गड्ढे भरने को निर्देशित किया, जिलाधिकारी द्वारा राजेश्वर मंदिर में भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए. एडीएम सिटी ने सभी मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था हेतु पुलिस गारद तैनात करने, कांवड़ियों के प्रवेश तथा निकास हेतु अलग बेरीकेडिंग, यातायात व्यवस्था, रूट डायवर्जन हेतु निर्देशित किया. सभी मंदिर परिसर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया.
आगरा में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने शिव मंदिरों का निरीक्षण कर मंदिर परिसर, यात्रा मार्ग, और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, और सफाई व्यवस्था के निर्देश दिए. यमुना के कैलाश घाट, बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा हेतु बेरीकेडिंग करने, पीएसी जल पुलिस के साथ प्राइवेट गोताखोरों की तैनाती, सीसीटीवी, अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था करने के निर्देश दिए. यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए, रूट डायवर्जन और ट्रैफिक पुलिस की तैनाती करने कांवड़ियों व श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए, यातायात पुलिस और सिविल पुलिस के बीच समन्वय स्थापित करने मंदिरों को जाने हेतु रास्तों की मरम्मत, नगर निगम को उचित सफाई, पेयजल, और अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
