आगरालीक्स…आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर ट्रैक पर उतरकर एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म पर जाना होगा बंद. स्टेशन पर लग रही 600 मीटर लंबी स्क्रीन फेंसिंग…
यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तथा रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवाजाही एवं लाइन क्रॉसिंग की घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से आगरा मंडल द्वारा आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर लगभग 600 मीटर लंबी स्क्रीन फेंसिंग का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर अप एवं डाउन मेन लाइन के मध्य स्क्रीन फेंसिंग स्थापित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण सुरक्षा परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है तथा शेष कार्य भी निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर लिया जाएगा।
स्क्रीन फेंसिंग स्थापित होने के उपरांत यात्रियों एवं आमजन द्वारा रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार करने की प्रवृत्ति पर प्रभावी अंकुश लगेगा, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना में उल्लेखनीय कमी आएगी। इसके साथ ही यात्रियों को फुटओवर ब्रिज, सबवे एवं अन्य अधिकृत मार्गों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे स्टेशन परिसर में सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित होगा।
आगरा रेल मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेलवे परिसरों में आवश्यक आधारभूत संरचना के विकास हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में स्क्रीन फेंसिंग जैसी सुरक्षा संबंधी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जा रहा है। रेल प्रशासन यात्रियों एवं आमजन से अपील करता है कि वे अपनी सुरक्षा के हित में रेलवे ट्रैक को अनधिकृत रूप से पार न करें तथा केवल फुटओवर ब्रिज, सबवे अथवा अन्य निर्धारित एवं अधिकृत मार्गों का ही उपयोग करें।