आगरालीक्स…आगरा में सावन के साथ शुरू हुई तीज की बहार. महिलाओं ने सावन के गीतों के साथ मनाई हरियाली तीज. मिले पौधों के उपहार
हरियाली तीज उत्सव में सावन के गीतों की खूब बहार छायी। मस्ती व उमंग के साथ मनाए गए हरियाली तीज उत्सव में आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं जिसमें विजेता प्रतिभागियों को सुहाग चिन्ह व पौधे उपहार स्वरूप भेंट किए गए। मायके में सखियों संग की जाने वाली मस्ती और शरारतें मानों करवट लेकर फिर लौट आयी। अग्रवाल संगठन रामबाग द्वारा आयोजित तीज उत्सव की मस्ती और उल्लास ने बचपन में मायके में मनायी जाने वाली तीज की यादों को फिर ताजा कर दिया। कार्यक्रम में भाग लेने वाली हर सखी का कुछ ऐसा ही अनुभव था, जहां सभी को उपहार स्वरूप पौधे प्रदान किए गए, जिससे लोगों में पर्यावरण को स्वस्छ और सुन्दर बनाए रखने के प्रति जागरुकता बनी रहे। वॉटर वर्क्स स्थित अतिथि वन में आयोजित अग्रवाल संगठन रामबाग के तीजोत्सव का शुभारम्भ मुख्य अतिथि ममता गोयल, नीलम गोयल, ममता अग्रवाल, डोली गोयल, पार्षद प्रियंका अग्रवाल ने मां सरस्वती का पूजन पर उनकी तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सभी अतिथियों का स्वागत अध्यक्ष निशा सिंघल ने स्मृति चिन्ह प्रदान कर व पटका पहनाकर किया। कहा कि हरियाली तीज वह त्योहार है जो सभी सखियों सहेलियों को एक टूट बंधन में जोड़कर रखता है। महिलाओं ने सावन के गीत और मल्हार गाकर और झूला झूलकर तीजोत्सव का खूब लुत्फ उठाया। नृत्य किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। अरी बहना अखियां हैं प्यासी…, गौरा झूला झूल रही…, सावन में मोरनी बनकर…, झूला तो पड़ गयो… जैसे गीतों पर नृत्य कर सखियों ने खूब लुत्फ उठाया। संचालन राजेश अग्रवाल व कार्यक्रम का संयोजन जहान्वी सिंघल ने किया। इस अवसर पर नीलम, जूही, गीता, मंजू, आरती रेखा,बबिता, सुनीता, सरिता, पूनम, रिंकी, ग्रीष्मा, सुषमा, डौली, प्रीति, जूली, रानी, रूपल, नेहा आदि उपस्थित थीं।