आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल के मुक्केबाजों ने सीबीएसई क्लस्टर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में लहराया परचम..
माही इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों ने सीबीएसई क्लस्टर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीतकर विद्यालय और शहर का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और कड़ी मेहनत के दम पर विभिन्न वर्गों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। अंडर-14 वर्ग में कक्षा 7 के छात्र अभिनव यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में कक्षा 7 के अविरल अग्रवाल ने रजत पदक अपने नाम किया, जबकि कक्षा 8 के नैतिक कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सीनियर गर्ल्स अंडर-19 वर्ग में कुंजल तिवारी ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। उल्लेखनीय यह रही कि स्वर्ण पदक विजेता अभिनव यादव तथा रजत पदक विजेता अविरल अग्रवाल का चयन सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है। छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से सीबीएसई क्लस्टर बॉक्सिंग चैम्पियनशिप के नोएडा रीजन की अंडर-14 वर्ग प्रतियोगिता में माही इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने द्वितीय रनर-अप ट्रॉफी जीतकर विद्यालय की खेल उपलब्धियों में एक और गौरवशाली उपलब्धि दर्ज की। विद्यालय प्रबंधन श्री संजय अग्रवाल एवं मंजरी अग्रवाल ने सभी विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनकी उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों को उनकी कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास का परिणाम बताते हुए विद्यालय के कोच एवं प्रशिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बनेगी।