आगरालीक्स…आगरा में सावन के दूसरे सोमवार को लगेगी ऐतिहासिक शिव परिक्रमा. रविवार शाम से ही सड़कों पर गूंजेंगे हर—हर महादेव के जयकारे..रास्तों को ठीक करने में जुटा नगर निगम
सावन के दूसरे सोमवार को आगरा में लगने वाली परिक्रमा को लेकर नगर निगम ने तैयारी शुरू कर दी है। परिक्रमा मार्ग कैलाश वनखंडी मार्ग को सही कराने का काम कराया जा रहा है। इसके साथ ही झाड़ियों की छटनी की जा रही है। यह मार्ग ऊबड़-खाबड़ व कच्चा होने से श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया, परिक्रमा मार्ग को सुरक्षित, समतल और सुगम बनाने के लिए संबंधित विभागों की टीमों को मौके पर लगाया गया है। जहां-जहां मार्ग पर गड्डे, वहां मिट्टी भराई की जा रही है। जिससे कि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने परिक्रमा मार्ग, कैलाश मंदिर, बल्केश्वर मंदिर सहित प्रमुख शिवालयों का स्थलीय निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा एवं परिक्रमा मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क सुधार, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए थे।
नगर आयुक्त के निर्देशों के बाद नगर निगम की टीमों ने विभिन्न स्थानों पर सुधार कार्यों की गति और तेज कर दी है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बताया,श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कांवड़ यात्रा व परिक्रमा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।