आगरालीक्स…आगरा में 11 लग्जरी कारों के साथ पुलिस ने अंतर्राज्यीय हाइटेक कार चोर गैंग पकड़ा. 8 शातिर पुलिस ने दबोचे. जयपुर हाउस में घर के बाहर खड़ी गाड़ी कर दी थी गायब…चोरी का तरीका चौंकाने वाला
आगरा पुलिस कमिश्नरेट को बड़ी सफलता हाथ लगी है. कार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गैंग के 08 अभियुक्तों को थानालोहामंडी, सर्विलांससेल व एसओजी पुलिस टीम ने दबोचा है. पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई लगभग 01 करोड़ 86 लाख रुपये कीमत की विभिन्न कंपनियों की कुल 11 लग्जरी कारें, 19 रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, ₹13,000/- नकद व 09 मोबाइल फोन बरामद किए हैं.
घर के बाहर खड़ी कार की थी चोरी
एक महीने पहले लोहामंडी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि 26 जून को उसने अपनी होंडा WRV कार अपने घर के सामने खड़ी की थी. अगले दिन सुबह उठकर देखा तो वादी की कार वहां नहीं थी काफी तलाश करने पर भी कार नहीं मिली है. किन्ही अज्ञात चोर द्वारा वादी की कार चोरी कर ली गयी है. इस संबंध में थाना लोहामंडी में कार चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया था. थाना लोहामंडी क्षेत्र से कार चोरी करने की घटना में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया. गठित पुलिस टीमों घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरा की फुटेज चैक की गयी, प्राप्त साक्ष्यों व मुखबिर द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीमों द्वारा आज बुधवार को जूता प्रदर्शिनी के सामने बैरियर लगाकर संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चैकिंग की जा रही थी. इसी दौरान मारूति एस्टेट की ओर से आ रही संदिग्ध आई 20 कार को रोककर कार सवार 02 व्यक्तियों सत्यम यादव व विवेक रावत से पूछताछ की गयी. उन्होनें बताया कि उन्होनें इसी आई 20 कार से अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर करीब 01 माह पूर्व जयपुर हाउस क्षेत्र से 01 होंडा WRV कार चोरी की थी और उनका एक साथी अभी 01 थार कार जो कि चोरी की है लेकर आ रहा है, जिसे उन्होनें दिल्ली से चोरी किया है.
दिल्ली से चोरी की थार सहित 11 लग्जरी कारें बरामद
पुलिस टीमों द्वारा कुछ देर बाद थार गाड़ी को रोककर कार सवार व्यक्ति संतोष कुमार से पूछताछ की गयी तब उसने बताया कि यह गाड़ी उसने अपने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली से चोरी की है. पुलिस टीम द्वारा तीनों अभियुक्तों सत्यम यादव, विवेक रावत व संतोष कुमार को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि उनके अन्य साथी पथौली नहर के आगे ओवर ब्रिज के नीचे खड़े है जिनके पास चोरी की गाड़ी है. पुलिस टीमों द्वारा गिरफ्तार तीनों अभियुक्तों की निशादेही पर पथौली नहर के आगे ओवर ब्रिज के नीचे से 05 अभियुक्तों रंजीत यादव, अजय पाल, रविकान्त, अनुभव त्रिपाठी व पंकज कुमार को गिरफ्तार किया गया. अभियुक्तों के कब्जे से 09 कार चोरी की बरामद हुई. गिरफ्तार सभी 08 अभियुक्तों के कब्जे से कुल 11 कार भिन्न-भिन्न कंपनी की, 09 मोबाइल फोन, 13,000/- रूपये व 19 रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट बारमद हुए.

डिवाइस की मदद से तोड देते थे लॉक
पूछताछ करने पर उन्होनें बताया कि वह सभी अपने साथी अभिषेक बाजपेई उर्फ सत्यम, पेंटर उर्फ फैजान, अभिनव (अभिषेक बाजपेई उर्फ सत्यम का भाई ) श्याम किशोर व प्रिन्स, के साथ मिलकर भिन्न भिन्न स्थानों से मौका मिलने पर जो कार घर के बाहर पार्क में या अन्य स्थानों पर खडी रहती है, डिवाइस की मदद से उनका लॉक तोडकर चोरी कर लेते है और चोरी की गयी गाडियों का नम्बर प्लेट व चेचिस नम्बर को घिस कर/मिटाकर फर्जी नं0 से बदल देते है और फिर उन गाडियो को बाजार में ले जाकर बेच देते है. अभियुक्तों ने बताया कि वह दिल्ली, मथुरा व आगरा अलग-अलग राज्यों वह शहरों से कार चोरी करते है और फिर उन्हें बेच देते है. अभियुक्तों ने बताया कि बरामद कारों में आई 20 कार को छोड़कर बाकी सभी कार चोरी की है.

पकड़े गए शातिरों के नाम
सत्यम यादव पुत्र देवेन्द्र यादव नि0 छितौडा पोस्ट कबरा थाना सिंधौली जिला सीतापुर
विवेक रावत पुत्र गजराज रावत नि0 गोहना थाना इंटोजा जिला लखनऊ
संतोष कुमार पुत्र सोहन नि0 गाँव मुहरहिया पोस्ट कुपरा थाना नगर जिला बस्ती
रंजीत यादव पुत्र जोखू यादव नि0 गाँव जगदीशपुर पोस्ट दुधोरा थाना कोतवाली जिला बस्ती
अजय पाल पुत्र विनोद पाल नि0 गांव दुधोरा थाना कोतवाली जिला बस्ती
रविकान्त पुत्र जगदीश प्रसाद नि0 लोहिया नगर, नगर पंचायत गणेशपुर थाना वाटरगंज जिला बस्ती
अनुभव त्रिपाठी पुत्र सुदेश त्रिपाठी नि0 असरफ टोला थाना शहर कोतवाली जनपद हरदोई
पंकज कुमार पुत्र सोहन नि0 महुरहिया पोस्ट पुखरा थाना नगर जनपद बस्ती
इनकी तलाश में पुलिस
अभिषेक बाजपेई उर्फ सत्यम पुत्र श्याम किशोर बाजपेई नि0 बावन चुंगी बावन रोड थाना कोतवाली नगर जनपद हरदोई
पेंटर उर्फ फैजान निवासी जनपद शाहजहांपुर
अभिनव (अभिषेक बाजपेई उर्फ सत्यम का भाई )
श्याम किशोर ( अभिषेक वाजपेई का पिता)
प्रिंस