आगरालीक्स…आगरा में 9 अगस्त को होगी यूपीएसएसएससी की तकनीकी सहायक ग्रुप—सी मुख्य परीक्षा. 26 केंद्र पर 11808 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा. परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा—व्यवस्था की जिम्मेदारी बांटी
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, लखनऊ (यूपीएसएसएससी) द्वारा 9 अगस्त को आयोजित होने वाली प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी मुख्य परीक्षा को लेकर आगरा में प्रशासन अलर्ट हो गया है. गुरुवार को परीक्षा के संबंध में अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने परीक्षा के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बैठक की. उन्होंने परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें.26 केंद्रों पर 11,808 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
बैठक में अवगत कराया गया कि जनपद में परीक्षा का आयोजन 09 अगस्त, 2026 को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा. परीक्षा के लिए जनपद आगरा नगर में 26 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर कुल 11,808 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं. परीक्षा की निगरानी एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु 26 सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं 26 स्टैटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की प्रक्रिया प्रचलित है. सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर 02 महिला एवं 03 पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित किए जाने हेतु पुलिस उपायुक्त (नगर) को पत्र प्रेषित किया जा चुका है.
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (नगर) यमुनाधर चौहान ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं.
अपर जिलाधिकारी (नगर) ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा के दौरान आयोग के सभी मानकों एवं प्रोटोकॉल का पूर्णतः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.