आगरालीक्स…आगरा में महिलाओं और बालिकाओं ने सीखा राखी और पोशाक बनाना. मेहंदी लगाने का भी मिला प्रशिक्षण…सभी को मिले सर्टिफिकेट
सेवा भारती ब्रजप्रदेश, छावनी महानगर द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित त्रिदिवसीय मेहंदी, राखी एवं पोशाक प्रशिक्षण शिविर का नारायण रिसोर्ट, सेवला में समापन हुआ। शिविर के दौरान छोटे बालक बालिकाओं से लेकर महिलाओं को विभिन्न प्रकार की राखियां, आकर्षक पोशाक तथा मेहंदी बनाने का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को अपनी कला एवं हुनर को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। समापन अवसर पर प्रतिभागियों द्वारा तैयार की गई राखियों एवं पोशाकों का अतिथियों ने अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की। मोती, सितारे, शीशे तथा अन्य आकर्षक सजावटी वस्तुओं से तैयार की गई राखियां और पोशाकें महिलाओं की कलात्मक प्रतिभा एवं हुनर को प्रदर्शित कर रही थीं। तीन दिवसीय शिविर में राखी प्रशिक्षण में 58, पोशाक प्रशिक्षण में 31 तथा मेहंदी प्रशिक्षण में 48 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केन्द्रीय शिखी संस्थान की पूर्व निदेशक डॉ. बीना शर्मा एवं विशिष्ट अतिथि निधि अग्रवाल, नीलम भटनागर तथा रश्मि गुप्ता ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि महिलाओं को हुनरमंद बनाकर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। छोटे-छोटे कौशल को व्यवसाय का रूप देकर महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ समाज में अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। शिविर के समापन अवसर पर हरियाली तीज उत्सव भी उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। महिलाओं ने सावन के पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया। संगठन की चंद्रकान्ता परिहार, मीरा कुशवाह एवं डॉ. मंजु सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन पूनम वर्मा ने किया। इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. पीके मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश त्यागी, महामंत्री संजय सिंघल, कोषाध्यक्ष ऋषि गुप्ता, हेमसिंह, छम्मन सिंह, विकास गोयल, दिनेश बंसल, ठाकुर राजवीर सिंह, नीतू गोला, मालती, मोनिका, संगीता शर्मा, सुनीता शर्मा, ज्योति, मनीषा, पूनम, वर्षा, शिवानी, आकाश बघेल, प्रिया आदि उपस्थित रहे।