आगरालीक्स…आगरा के बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर में विधि-विधान से हुई शिव परिवार की प्राण-प्रतिष्ठा. पंचामृत अभिषेक, हवन एवं विशेष आरती के साथ संपन्न हुआ धार्मिक अनुष्ठान
श्रीदेवी जी ट्रस्ट एवं श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बल्केश्वर स्थित श्री महालक्ष्मी मंदिर परिसर में शिवालय के जीर्णोद्धार के उपरांत शिव परिवार की प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। प्राण-प्रतिष्ठा समारोह को लेकर विगत तीन दिनों से मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम चल रहा था। पूरे परिसर में मंत्रोच्चार, शंखध्वनि और भोलेनाथ के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा। प्राण-प्रतिष्ठा के अंतिम दिवस भगवान शिव के साथ माता पार्वती, भगवान कार्तिकेय एवं भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विधिवत पूजन एवं परिक्रमा कराई गई। इसके पश्चात भगवान महादेव एवं शिव परिवार का पंचामृत अभिषेक किया गया। वैदिक आचार्यों द्वारा विधि-विधान से हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया और भगवान शिव परिवार से विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि एवं सभी भक्तों के मंगल की प्रार्थना की गई।
धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति के पश्चात विशेष महाआरती का आयोजन किया गया। श्रीदेवी जी ट्रस्ट की ओर से राम कपूर, सतीश कपूर एवं अपिल कपूर ने विशेष आरती की। मुख्य यजमान के रूप में मनीष अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, संजय अग्रवाल एवं अशोक सिंघल ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन में सहभागिता की। इस अवसर पर श्री महालक्ष्मी भक्त मंडल के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री मनोज जैन, कोषाध्यक्ष अशोक सिंघल, राकेश अग्रवाल, सुमित अग्रवाल, अमित गोयल, मनीष अग्रवाल, विजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।