आगरालीक्स…आगरा में डीएम ने क्लासरूम में बच्चों को दी क्लास, मिड डे मील की जांच की..बच्चों को सफलता का मंत्र भी बताया…कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा कंपोजिट स्कूल का किया औचक निरीक्षण
जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को खंदौली ब्लॉक में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय उजरई का औचक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने क्लासरूम में बच्चों से संवाद किया, छात्राओं से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भोजन, दैनिक दिनचर्या,सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने बच्चों से खाने में क्या मिला, गुणवत्ता , सुबह कौन कौन नहीं नहा कर आया, गीजर चल रहा है या नहीं, आपके कपड़े कौन धोता है, कितनी ड्रेस मिली है, किताब मिल गई या नहीं, क्लास में लगी टीवी चलती है या नहीं, इंग्लिश व मैथ के टीचर क्या पढ़ा रहे हैं,जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला, जल्द ही बच्चे जिलाधिकारी के साथ सहज हो गए,विद्यालय की सभी छात्राओं ने जिलाधिकारी के साथ सहज संवाद किया तथा सवालों के जवाब दिए, जिलाधिकारी ने किताब लेकर बच्चों को कोशिका ज्ञान से लेकर अंग्रेजी के मीनिंग तक पढ़ाया तथा सवाल जवाब किए। छात्राओं में शिक्षा का स्तर उचित मिला। जिलाधिकारी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए उनसे बड़े सपने देखने, अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने और कठिन परिश्रम से सफलता हासिल करने का आह्वान किया।
जिलाधिकारी ने इसके बाद उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पहुंचे जहां कक्षा 9 व010 की छात्राएं अध्ययनरत थी का निरीक्षण किया। क्लास रूम के साथ साथ भौतिक व जीव विज्ञान की प्रयोगशाला, लाइब्रेरी, रसोई, छात्रावास ,खेलकूद उपकरण, शौचालय, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा आदि का गहनता से निरीक्षण किया,उन्होंने पूरे परिसर में उच्च स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया तथा बच्चों को प्रायोगिक ज्ञान व प्रतिदिन खेलकूद एक्टिविटी कराने के निर्देश दिए, जिलाधिकारी ने खाने की गुणवत्ता को स्वयं खाकर जांच की।जिलाधिकारी ने उच्चीकृत विद्यालय की छात्राओं से संवाद करते हुए एचपीवी वैक्सीन के बारे में जानकारी दी तथा सभी से अपने अभिभावकों को इसके बारे में बताने तथा वैक्सीनेशन कराने का आह्वान किया। जिलाधिकारी उच्चीकृत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के निरीक्षण उपरांत उच्च प्राथमिक विद्यालय उजरई (कंपोजिट) पहुंचे तथा बच्चों से ड्रेस, जूते मोजे, पाठ्य पुस्तकों की प्राप्ति, मिड डे मील में मिल रहे खाने के बारे में जानकारी ली तथा बच्चों को सवाल देकर ब्लैक बोर्ड पर हल भी कराए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी 13 कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) फंड से कार्य किए जाने हेतु कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में आवश्यकतानुसार बुनियादी सुविधाओं, बच्चों हेतु कुर्सी मेज,डिजिटल शिक्षा, और पोषण कार्यक्रमों को बेहतर बनाने के लिए कार्य योजना तैयार करने, विद्यालय भवन की टूटफूट की मरम्मत,रंगाई पुताई, शौचालय, वॉशरूम आदि की मरम्मत, स्कूल की चारदीवारी और पेयजल की सुविधा, स्मार्ट क्लासरूम, उच्चीकृत कंप्यूटर लैब की व्यवस्था, स्कूलों में शौचालय की मरम्मत, खिड़की, जाली आदि की मरम्मत,हाथ धोने की सुविधा, स्पोर्ट्स सामग्री की सुविधाओं हेतु शीघ्र कार्ययोजना, एस्टीमेट बनाने के दिशा-निर्देश दिए और फंड के उपयोग हेतु पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु नोडल अधिकारी नामित करने, कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान दौर तकनीकी और आधुनिक शिक्षा का है। ऐसे में बालिकाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़कर उनके शैक्षिक स्तर में गुणात्मक सुधार लाने उन्हें समुचित मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराना आवश्यक है, आवासीय विद्यालयों में सुद्रण सुरक्षा व्यवस्था, तथा पठन पाठन का वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्यालय में चल रहे बाउंड्रीवाल के निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा खंड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सुमित कुमार, डीसी बालिका कुलदीप तिवारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारीगण मौजूद रहे।