आगरालीक्स…आगरा में बड़ा हादसा टला, चाय बनाते समय तेज धमाके के साथ फटा सिलेंडर. बाल—बाल बचा परिवार. उखड़ गईं घर की दीवारें
आगरा में गुरुवार को बड़ा हादसा होने से टल गया. थाना एकता अंतर्गत पचगई खेड़ा में चाय बनाते समय एलपीजी सिलेंडर में लीकेज होने के बाद आग लग गई और इसके बाद तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया. गनीमत रही कि समय रहते परिवार के सभी लोग बाहर निकल गए नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था. सिलेंडर में धमाके से घर की दीवारें उखड़ गईं और सामान बिखर गया.
पचगई खेड़ा में उदयभान परिवार के साथ रहते हैं. बुधवार सुबह इनके घर की रसोई में चाय बनाई जा रही थी. इस दौरान गैस चूल्हे के पाइप में लीकेज के कारण अचानक आग लग गई. देखते ही देखते पल भर में आग ने विकराल रूप घारण कर लिया और वह सिलेंडर तक पहुंच गई. खतरा भांपकर घर के सभी लोग तुरंत घर से बाहर निकल गए. कुछ ही पलों में तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया. ब्लास्ट इतना तेज था कि उदयभान के मकान की दीवारें ढह गईं और दरवाजे टूटकर दूर जा गिरे. घर का अन्य सामान भी बिखर गया. धमाके की आवाज से आसपास के लोग भी दहशत में आ गए. सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया. जांच में हादसे का कारण एलपीजी पाइप में गैस रिसाव बताया जा रहा है.