आगरालीक्स…आगरा की जाबांज पुलिस: कार में लगी आग में फंसी थी तीन जिंदगियां.. फरिश्ता बनकर पहुंचे एसआई अवनीश अग्निहोत्री और रिक्रूट आरक्षी सोनू सिंह…इस तरह बचाई जान
आगरा में रविवार रात को थाना एत्मादपुर क्षेत्र में NH-19 स्थित भागूपुर पुल पर एक कार ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई और पलटने के उपरान्त कार में आग लग गई इस कार में 03 युवक सवार थे. वहीं गश्त कर रहे उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री व रिक्रूट आरक्षी सोनू सिंह ने बिना समय गंवाए जलती कार का शीशा तोड़कर एक-एक कर उसमें फंसे तीनों युवकों को बाहर निकाल लिया तथा तत्काल उपचार हेतु एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया. समय रहते आगरा पुलिस की जाबांजी से तीनों युवकों की जान बचाई जा सकी.
जानिए क्या है मामला
फिरोजाबाद के कोटला में रहने वाले तीन युवक 20 वर्षीय जतिन पुत्र परविंदर कुशवाह, 20 वर्षीय पवन पुत्र सुनील और 22 वर्षीय मनीष पचौरी कार में सवार होकर फिरोजाबाद से आगरा आ रहे थे. कार को रुद्र चला रहा था. रात करीब साढ़े 12 बजे भागूपुर पुल पर ओवरटेक करते समय कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराकर पलट गई. कार के पलटने के बाद ही उसमें आग लग गई. घटना के समय उप निरीक्षक अवनीश अग्निहोत्री हमराह आरक्षी सोनू सिंह के साथ कांवड़ ड्यूटी में गश्त पर थे. धू धू कर जल रही कार देखकर वह तत्काल मौके पर पहुंचे. उन्हें कार के अंदर चीख पुकार सुनाई दी जिस पर बिना देर किए उन्होंने कार का शीशा तोड़ा और कड़ी मशककत के बाद तीनों युवकों को कार से बाहर निकाल लिया. तीनों युवकों को एसएन मेडिकल कॉलेज भेजा गया. वहीं फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया.