आगरालीक्स…आगरा कलक्ट्रेट पहुंचे सैकड़ों दिव्यांग. इन मांगों को लेकर सड़क पर बैठकर मांगने लगे भीख. डीएम ने सुनी समस्याएं. बोले—जल्द होगा ये काम
आगरा के जिला मुख्यालय पर मंगलवार दोपहर को सैकड़ों की संख्या में दिव्यांग पहुंच गए. भारतीय दिव्यांग एकता मंच के आहृवान पर यहां दिव्यांगों ने भीख यात्रा निकाली और धरने पर बैठकर भीख मांगने लगे. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने कलक्ट्रेट का मुख्य गेट भी बंद कर दिया जिससे लोगों की आवाजाही रुक गई और एमजी रोड पर भी जाम की स्थिति बन गईं. जानकारी पर डीएम मौके पर पहुंचे और उन्होंने दिव्यांगजनों की समस्याएं सुनकर पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए.
ये मांगें रखीं
दिव्यांगजनों द्वारा जिलाधिकारी के समक्ष दिव्यांगों को आवास, अंत्योदय राशन कार्ड एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाए जाने के साथ ही, एएलआईएमसीओ से संबंधित लंबित प्रकरणों, भुगतान एवं मंहगाई को देखते हुए दिव्यांग पेंशन की धनराशि बढ़ाकर ₹5,000 प्रतिमाह किए जाने, दिव्यांगों को 200 यूनिट मुफ़्त बिजली उपलब्ध कराने संबंधी आदि मांग रखी गई. एएलआईएमसीओ से संबंधित लंबित प्रकरणों, भुगतान के संबंध में, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि पूर्व में एएलआईएमसीओ कानपुर द्वारा आसरा सेंटर आवंटित किया गया था. उक्त सेंटर के माध्यम से दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, जैसे मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल आदि उपलब्ध कराए जाते थे. उपकरण वितरण में हुई अनियमितताओं की प्राप्त शिकायतों की जांच के उपरांत एएलआईएमसीओ कानपुर द्वारा आसरा सेंटर बंद कर दिया गया है.
डीएम ने आवश्यक कार्यवाही के दिए निर्देश
इस प्रकरण में एएलआईएमसीओ एवं सेंटर संचालक के मध्य हुए लेन-देन से संबंधित मामले में जिलाधिकारी ने एएलआईएमसीओ के अधिकारियों से पत्राचार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए. जिलाधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाने के निर्देश दिए। जिला दिव्यांगजन शसक्तीकरण अधिकारी ज्ञान देवी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर जल्द जनपद स्तर पर विशेष कैंप का आयोजन कर,कैंप के माध्यम से पात्र दिव्यांगजनों के आवास योजना, अंत्योदय कार्ड, पेंशन सहित अन्य योजनाओं के आवेदन कराए जाएंगे तथा पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा. जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए.