आगरालीक्स…दुखद और दर्दनाक, आगरा में ट्रेन की चपेट में आने से जेई के दोनों पैर कटे, तड़प—तड़प कर अस्पताल में हुई मौत…
आगरा—झांसी रेलवे ट्रैक पर दर्दनाक हादसा हुआ है. सैयां में रेलवे ट्रैक का निरीक्षण करते समय रेलवे के अवर अभियंता ट्रेन की चपेट में आ गए. हादसे में उनके दोनों पैर कटकर अलग हो गए. सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस और कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर घायल जेई को एसएन में भर्ती कराया गया. जहां शाम सात बजे करीब उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे जाजऊ रेलवे स्टेशन के पास की है. रेलवे के एफएमआई विभाग में मनोज सैनी अवर अभियंता के पद पर हैं. जाजऊ स्टेशन के पास ब्लॉक लेकर मशीन से काम किया जा रहा था. इस दौरान मनोज सैनी अंडरपास के पास मशीन से नीचे उतरकर डाउन ट्रैक पर पैदल चलकर निरीक्षण कर रहे थे. भांडई की ओर से आ रही पैसेंजर ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया. हादसे में उनके दोनों पैर कटकर धड़ से अलग हो गए. सूचना पर पुलिस एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची और घायल मनोज सैनी को सीएचसी सैयां ले जाया गया यहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.
सात सात बजे मौत
एसएन अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराए गए मनोज सैनी का उपचार किया गया लेकिन शाम सात बजे उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई. सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई.