मथुरालीक्स…मथुरा में शुरू हुई श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्य तैयारियां. सीएम योगी भी दो दिन होंगे शामिल. श्रद्धालुओं को दर्शन के साथ ब्रज के व्यंजनों का भी मिलेगा स्वाद, पहली बार लगेंगे फूड स्टॉल
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर कान्हा की नगरी मथुरा में उत्साह चरम पर है। योगी सरकार इस बार जन्मोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए व्यापक तैयारियां कर रही है। खास बात यह है कि इस बार श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मथुरा के जन्मोत्सव में शामिल होंगे। उनके मथुरा में दो दिन तक प्रवास करने की संभावना है, जिसे देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा, साज-सज्जा और स्वागत की भव्य तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं।
भक्ति, संगीत और संस्कृति का अनूठा संगम
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से डैम्पियर नगर स्थित पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में 2 से 4 सितंबर तक तीन दिवसीय विशाल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भजन, कीर्तन, लोकगायन, नृत्य और बांसुरी वादन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम की शुरुआत 2 सितंबर को दोपहर 3 बजे उद्घाटन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ होगी। इसके पश्चात श्याम जी का शंख वादन और भारत भूषण का भजन व लोकगायन होगा। वहीं गीता शोध संस्थान और रासलीला अकादमी, वृंदावन द्वारा ‘मुदरिया प्रेम एवं नंदोत्सव’ की विशेष झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
कन्हैया मित्तल की भजन संध्या से होगा समापन
कार्यक्रम के दूसरे दिन, 3 सितंबर को देवर्ष शर्मा का भजन गायन, कृष्णा सागर कलेक्टिव की भजन जैमिंग और श्रुति अनंदिता वर्मा के निर्देशन में ‘कृष्णा कॉन्सर्ट-डिवोशनल म्यूजिकल’ की शानदार प्रस्तुति होगी। 4 सितंबर को मोहित शेवानी ‘कृष्णानायन’ प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा हार्टफुलनेस फाउंडेशन की ओर से स्नीति मिश्रा, अनिरबान और मैत्रेयी राय अपनी सांगीतिक प्रस्तुतियां देंगे। इस तीन दिवसीय समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण 4 सितंबर की शाम को प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल की भजन संध्या होगी, जो समापन अवसर पर अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
शहर में सजेंगे 26 मंच, पहली बार लगेंगे फूड स्टॉल
लाखों श्रद्धालुओं के उत्साह को देखते हुए ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने शहर भर में 5 बड़े और 21 छोटे मंच बनाए हैं। इन मंचों पर ब्रज के स्थानीय कलाकार अपनी लोक कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे, जिससे पूरा शहर कृष्णमय हो जाएगा। इसके साथ ही पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह परिसर में पहली बार फूड स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालु कार्यक्रमों के साथ स्वादिष्ट व्यंजनों का भी आनंद ले सकें।
कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर बात करते हुए ब्रज तीर्थ विकास परिषद की सीईओ लक्ष्मी नागप्पन ने बताया कि इस तीन दिवसीय भव्य आयोजन का मुख्य उद्देश्य ब्रज की पारंपरिक भक्ति, मधुर संगीत और समृद्ध संस्कृति को आधुनिक मंच के साथ जोड़ना है। हम चाहते हैं कि जन्मोत्सव में मथुरा आने वाले श्रद्धालु ब्रज की लोक कला को करीब से महसूस करें। उन्होंने बताया कि पहली बार प्रेक्षागृह परिसर में फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ ब्रज के अलग -अलग तरह के व्यंजनों का बेहतरीन अनुभव मिलेगा।