आगरालीक्स आगरा के श्री जगन्नाथ मंदिर में मनाई गई बलराम पूर्णिमा, भगवान बलराम की जन्म से विवाह तक की लीलाओं का किया वर्णन।
कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर में बलराम पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में उत्सव की तैयारियां शुरू हो गईं। मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, कथा और संकीर्तन के आयोजन ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द प्रभु ने श्रद्धालुओं को भगवान बलराम की महिमा का वर्णन करते हुए उनके जन्म से लेकर विवाह तथा विभिन्न लीलाओं की कथा सुनाई। उन्होंने भगवान बलराम के स्वरूप और श्रीकृष्ण की लीलाओं में उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान बलराम शक्ति, सेवा और धर्म के प्रतीक हैं। मंदिर परिसर में सतरंगी फूलों से आकर्षक फूल बंगला सजाया गया। विभिन्न प्रकार के फूलों से की गई सजावट ने मंदिर की सुंदरता को और बढ़ा दिया। फूल बंगले में विराजमान भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महोत्सव के दौरान आयोजित हरे राम, हरे कृष्णा संकीर्तन में भक्त भावविभोर होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए। मृदंग और करताल की धुन के साथ हुए संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर हरिनाम के जयघोष से गूंज उठा। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच श्रीकृष्ण-बलराम जी का पंचामृत एवं पंचगव्य से अभिषेक किया गया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद भगवान जगन्नाथ, उनकी बहन सुभद्रा और भाई बलभद्र का विशेष श्रृंगार किया गया। तीनों विग्रहों को आकर्षक आसमानी रंग की पोशाक धारण कराई गई। अभिषेक के उपरान्त आरती कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, राजेश उपाध्याय, ओमप्रकाश, देव केशव, अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।