आगरालीक्स… दर्दनाक आगरा में घर में आग लगने से कोचिंग संचालक की मौत।
मूल रूप से छत्तीसगढ़ के रहने वाले विनय बोस और उनके भाई सुनील बोस ने आगरा के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 10 में इसी साल फरवरी में किराए पर मकान लिया था। मकान में ही न्यू साईं एजुकेशनल ट्यूशन एकेडमी संचालित कर रहे थे। दोनों भाई इंग्लिश पढ़ाते थे, घर पर इंग्लिश क्लासेज का बोर्ड लगा हुआ था। रक्षाबंधन के चलते सुनील बोस घर से बाहर गए हुए थे, घर पर विनय बोस अकेले थे।
घर से धुआं उठने पर स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस
रविवार सुबह विनय बोस के घर से धुआं उठने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने गेट की कुंडी तोड़ी। घर में अंदर पहुंचे तो विनय बोस का शव पड़ा हुआ था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में विनय बोस की शार्ट सर्किट से आग लगने से मौत की आशंका है, मौत का कारण पता करने के लिए पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।