आगरालीक्स आगरा में अपने घर छुट्टी पर कांगो देश से आए दो युवकों में इबोला वायरस के संक्रमण की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, होम आइसोलेशन में इलाज।
सेंट्रल अफ्रीका के देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक आफ कांगो में इबोला वायरस का आउटब्रेक हो चुका है। वहां से आने वाले लोगों की एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग के साथ ही जांच भी कराई जा रही है। आगरा का 32 साल का युवक कांगो में नौकरी करता है वह 28 अगस्त को कांगो से मुंबई पहुंचा और वहां से आगरा अपने घर आ गया। जबकि 37 साल का युवक कांगो से 28 अगस्त को दिल्ली पहुंचा वहां से अपने घर आगरा आ गया। प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत के अनुसार, एयरपोर्ट पर स्क्रीनिंग और उसके बाद लिए गए सैंपल की जांच में 32 और 37 साल के युवकों में इबोला वायरस का संक्रमण मिला है इसकी सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया।
दोनों युवकों के घर पर भेजी गईं टीमें, होम आइसोलेट किए गए
प्रभारी सीएमओ डॉ. अमित रावत के अनुसार, दोनों युवकों के घर पर टीम भेजी गईं। दोनों युवकों में कोई लक्षण नहीं मिले हैं, दोनों की ठीक हैं, इनके परिवार में अन्य सदस्य भी हैं इन्हें होम आइसोलेट किया गया है।
तेज बुखार, दर्द के साथ होने लगती है ब्लीडिंग
इबोला वायरस का संक्रमण घातक होता है इसमें तेज बुखार के साथ ही शरीर में दर्द रहता है। इबोला हीमोरेजिक फीवर होने पर बुखार के साथ ही आंतरिक रक्तस्राव शुरू हो जाता है इस तरह के केस में मरीज की जान बचाना मुश्किल होता है। यह इबोला वायरस से संक्रमित मरीज के संपर्क में आने, इस वायरस से संक्रमित जानवरों का मांस खाने से फैलता है।