आगरालीक्स आगरा में ग्रेटर आगरा की गंगापुरम टाउनशिप के लिए 620 प्लॉट का लॉटरी से आवंटन किया गया। एडीए को 325 करोड़ रुपये आय।
आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की ग्रेटर आगरा परियोजना के रायपुर एवं रहनकलां क्षेत्र में प्रस्तावित गंगापुरम टाउनशिप (टी-3) में भूखंड आवंटन के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आए। 908 भूखंडों के लिए खोली गई आनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया में 1605 आवेदन प्राप्त हुए, जांच के बाद 1452 आवेदक पात्र पाए गए।
मंगलवार यानी एक सितंबर 2026 को सुबह 9.30 बजे से सूरसदन में लॉटरी ड्रॉ कराया गया। लॉटरी की प्रक्रिया जनपद न्यायाधीश (सेवानिवृत्त) दिनेश कुमार शर्मा और प्रशिक्षण आईएएस हेमन्त की मौजूदगी में संपन्न हुई। इसका सीधा प्रसारण एडीए के यू-ट्यूब चैनल पर भी किया गया।
इन्हें आवंटित किए गए प्लॉट
लॉटरी में ईडब्ल्यूएस श्रेणी के 76, एमआईजी-1 के 270, एमआईजी-2 के 49, एचआईजी-1 के 122 और एचआईजी-2 के 103 भूखंड पात्र आवेदकों को आवंटित किए गए। इस तरह कुल 620 भूखंडों का आवंटन हुआ। इससे एडीए को करीब 327.55 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली के अनुसार असफल आवेदकों की पंजीकरण धनराशि पांच कार्य दिवस में वापस कर दी जाएगी। वहीं सफल आवेदकों को भूखंड आवंटित होने पर प्राधिकरण की ओर से बधाई दी गई है।