आगरालीक्स…आगरा में जन्माष्टमी से पहले एफएसडीए ने दुकानों व रिटेल स्टोरों से साबूदाना, कुट्टू का आटा, सेंधा नमक सहित 15 सैंपल जांच के लिए भेजे…व्यापारियों को बताए खाने पीने की चीजों को लेकर दिशा निर्देश…
आगरा में जन्माष्टमी से पहले एफएसडीए की टीम ने कई दुकानों व रिटेल स्टोरों पर जाकर खाद्य पदार्थों की जांच की और साबूदाना, सेंधा नमक, पनीर सहित 15 सैंपल जांच के लिए भेजे.
इन स्थानों पर जांच को पहुंची टीम, लिए सैंपल
Reliance Retail Limited, Cosmos Mall, से साबूदाना का एक विधिक नमूना तथा 100 फीट रोड आगरा स्थित वैन सप्लायर/बालमार्ट होलसेल से पनीर का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया।
इसी क्रम में बालमार्ट होलसेल, इंडस्ट्रियल एरिया, सिकंदरा से कुल 09 नमूने संग्रहित किए गए, जिनमें साबूदाना के 02, सेंधा नमक का 01, किशमिश के 02, कोकोनट पाउडर का 01, मखाना का 01, मुनक्का का 01 तथा मूंगफली दाना का 01 नमूना शामिल है।
इसके अतिरिक्त अमित ट्रेडिंग कंपनी, जगनेर, आगरा से साबूदाना तथा मां वैष्णो ट्रेडर्स, जगनेर, आगरा से सेंधा नमक का एक-एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया। अवधपुरी चौराहा, शुक्ला मार्केट रोड, आगरा स्थित श्री अशोक कुमार से चीनी साबूदाना का एक विधिक नमूना संग्रहित किया गया।
व्यापारियों के साथ बैठक कर दिए दिशा निर्देश
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर एफएसडीए ने व्यापारियों के साथ जागरूकता अभियान भी चलाया. इसी अभियान के क्रम में बुधवार को होटल अजय इंटरनेशनल, दरेसी नंबर-1 पर व्यापार मंडल दरेसी एवं स्थानीय खाद्य कारोबारियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी जन्माष्टमी पर्व के दौरान व्रत में प्रयोग होने वाले खाद्य पदार्थों, विशेष रूप से कुट्टू के आटे, की गुणवत्ता, निर्माण, पैकिंग, भंडारण एवं विक्रय के संबंध में व्यापारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि जन्माष्टमी के दौरान कुट्टू के आटे की मांग काफी बढ़ जाती है. बारिश के मौसम में नमी के कारण कुट्टू का आटा शीघ्र खराब हो सकता है तथा उसमें कीड़े लगने की संभावना रहती है. अतः व्यापारी कुट्टू के आटे के सुरक्षित भंडारण, गुणवत्ता, पैकिंग एवं एक्सपायरी तिथि का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावटी, दूषित अथवा खराब खाद्य सामग्री का विक्रय न करें.
लाइसेंस प्रक्रिया की भी दी जानकारी
क्षेत्र में नवागत एफएसओ गजेंद्र सिंह द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों में लाइसेंस/पंजीकरण संबंधी आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दी गई तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई. उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, पैकिंग, भंडारण एवं विक्रय में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए. इस अवसर पर दरेसी नंबर-1 के अध्यक्ष राजकुमार गुरनानी ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को आश्वस्त किया कि व्यापार मंडल एवं सभी व्यापारी विभाग द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे तथा ग्राहकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने में पूरा सहयोग प्रदान करेंगे. बैठक में गोपाल पुरसनानी, रवि लालवानी, श्रीचंद गुलवानी, निखिल मतलानी, राजकुमार बंसल, सुरेश बाबानी सहित बड़ी संख्या में व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे.