आगरालीक्स…ईशान कॉलेज में 500 से अधिक नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए हुआ छह दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम. ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं मनोरंजक गतिविधियों का हुआ आयोजन
ईशान कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट में सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छह दिवसीय इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने वाले 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इंडक्शन प्रोग्राम का मुख्य उद्देश्य नवप्रवेशित विद्यार्थियों को कॉलेज के शैक्षणिक वातावरण, अनुशासन, प्रशिक्षण, विभिन्न गतिविधियों, रोजगार के अवसरों तथा कॉलेज की कार्यप्रणाली से परिचित कराना रहा। छह दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के दौरान डॉ. शिल्पी अग्रवाल (न्यूट्रिशन विशेषज्ञ) ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली, दैनिक दिनचर्या एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसी क्रम में सी.ए. भव्य बालेछा ने विद्यार्थियों को बिजनेस एवं उससे जुड़े कानूनी पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। श्री राजीव द्विवेदी ने जल संरक्षण एवं जल संचयन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को जल बचाने के प्रति जागरूक किया। वहीं प्रजापति ब्रम्हाकुमारीज ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित मोटिवेशनल सेशन में विद्यार्थियों को नशामुक्ति का संदेश देते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन सेशन, तकनीकी गतिविधियां, व्यक्तित्व विकास, टीम-बिल्डिंग गतिविधियां एवं मोटिवेशनल सेशन आयोजित किए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया, जिससे उन्हें व्यावहारिक एवं शैक्षणिक वातावरण को समझने का अवसर मिला। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना एवं भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया गया। इंडक्शन प्रोग्राम का शुभारंभ करते हुए कॉलेज के चेयरमैन सी.ए. श्री संजय अग्रवाल जी ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष, अनुशासित, आत्मनिर्भर एवं जिम्मेदार नागरिक बनाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन के साथ तकनीकी ज्ञान, संचार कौशल एवं सकारात्मक सोच विकसित करने का आह्वान किया।
मैनेजिंग ट्रस्टी श्रीमती मंजरी अग्रवाल ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शैक्षणिक शिक्षा के साथ प्रशिक्षण, इंडस्ट्री एक्सपोजर, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं नवाचार संबंधी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से कॉलेज द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे सभी अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया।
इंडक्शन प्रोग्राम के अंतिम दिन हवन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया। इसके पश्चात नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और यादगार पलों का आनंद लिया। कार्यक्रम के अवसर पर कॉलेज के निदेशक, रजिस्ट्रार ,डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कॉलेज प्रशासन ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।