फिरोजाबादलीक्स…दुखद. जन्माष्टमी पर 5 साल का मासूम रिषभ हुआ लापता. रातभर ढूंढते रहे घरवाले, आज सुबह तालाब में मिली बच्चे की लाश
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में दुखदभरी खबर सामने आई है. थाना जसराना के गांव नगला हरीसिंह में एक पांच साल के बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई. बच्चा 24 घंटे से लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे. आज शनिवार सुबह बच्चे की लाश तालाब में उतराती मिली. इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में शोक छा गया.
शुक्रवार सुबह हो गया था लापता
परिजनों के अनुसार नंदकिशोर का पांच साल का बेटा रिषभ शुक्रवार सुबह अपने घर के बाहर खेल रहा था. खेलते—खेलते अचानक वह लापता हो गया. काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजन उसे तलाशने में लग गए. पहले तो उसे अपने स्तर से तलाश किया गया लेकिन शाम तक उसका कोई पता नहीं चला. ग्रामीण भी रातभर उसकी तलाश में लगे रहे.
तालाब में उतराता मिला शव
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग तालाब की तरफ गए तो वहां उन्हें एक बच्चे का शव उतराता हुआ मिला. सूचना पर भीड़ जुट गई. बच्चे को निकाला गया तो वह लापता रिषभ का शव था. यह देखते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. घटना की जानकारी पर स्थानीय पुलिस भी आ गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों के अनुसार रिषभ तीन भाई बहनों में सबसे छोटा था और वह मानसिक रूप से भी थोड़ा कमजोर था.