आगरालरीक्स….जन्मजात मूक बधिर बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी. आगरा में कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी को लेकर विशेषज्ञों ने जाहिर किए अपने अनुभव…सर्जरी करा चुके बच्चे भी आए
मूक-बधिरों के लिए कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी सफल, प्रभावी और कारगर साबित हो रही है। जिन बच्चों को जन्म से सुनना और बोलना नहीं आता है। सर्जरी और स्पीच थेरेपी के बाद वह अपने भविष्य में सामान्य बच्चों की तरह व्यवहार कर सफलता अर्जित कर सकते हैं। यह बात शनिवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल जेपी पैलेस एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सीजीकॉन 2026 राष्ट्रीय कांफ्रेंस के तीसरे दिन आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ आईएएस और हरियाणा सरकार के स्वास्थ्य विभाग में सचिव के पद पर तैनात मनीराम शर्मा ने कही। उन्होंने बताया कि उनकी भी सफलता का राज कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी ही है। उन्होंने अपने जीवन के अनुभवों को भी साझा किया।
इससे पूर्व कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन मुख्य अतिथि वरिष्ठ आईएएस मनीराम शर्मा, सीजी की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. माधुरी गोयल, सचिव डॉक्टर रश्मि अग्रवाल, कोषाध्यक्ष डॉक्टर गौरव गुप्ता, इलेक्ट अध्यक्ष डॉ. नरेश पांडा, आयोजन अध्यक्ष डॉ. राजीव पचौरी, सचिव मीनाक्षी वढेरा और कोषाध्यक्ष डॉक्टर गौरव खंडेलवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। स्वागत भाषण आयोजन अध्यक्ष डॉ राजीव पचौरी ने दिया और धन्यवाद ज्ञापन सचिव मीनाक्षी वढेरा के द्वारा दिया गया। आयोजन अध्यक्ष डॉ राजीव पचौरी ने बताया कि कॉक्लियर इंप्लांट सर्जरी से संबंधित यह यूपी की पहली कॉन्फ्रेंस है, जिसमें देश विदेश के तकरीबन 600 विशेषज्ञों ने भाग लिया है। विशेषज्ञों ने पैनल डिस्कशन और सत्रों के माध्यम से आधुनिक तकनीकी, सर्जरी और उपचार पर चर्चा की है। इस अवसर पर ऑरिशन सम्मान लेफ्टिनेंट जनरल डॉक्टर वेंकटेश को दिया गया। विशेष सत्र में विशेषज्ञ डॉ. माइकल ग्लुथ यूके और डॉ. हंस मायर ने आधुनिक तकनीकी पर अपनी रिसर्च प्रस्तुत की।
सीजीकॉन 2026 राष्ट्रीय कांफ्रेंस के समापन समारोह का आयोजन रविवार दोपहर 1.45 बजे से किया जाएगा। इस दौरान सहयोगी संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा।