आगरालीक्स…आगरा में पति ने की पत्नी की बेरहमी से हत्या. पहले सिर पर मारी भारी चीज, सांसें चलती मिली तो काट दिया गला…हत्या के बाद पति फरार…
आगरा में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. थाना खंदौली के पीलीपोखर में एक पति ने अपनी पत्नी की निर्ममता से हत्या की है. पति ने मारपीट के बाद पहले पत्नी के सिर पर भारी चीज से हमला किया. इसके बाद भी जब पत्नी की सांसें चलती मिली तो आरोपी पति ने गला काट दिया. इसके बाद आरोपी पति फरार हो गया. सूचना पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड पहुंच गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
जानें पूरा मामला
पीलीपोखर में राजकुमार सिकरवार रहते हैं. इनके बेटे विवेक सिकरवार की शादी 8 साल पहले एत्मादपुर के रहने वाले विजेंद्र की बेटी किरण से हुई थी. मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर किरण को परेशान किया जाता रहा है. इसको लेकर पति—पत्नी के बीच कई बार मारपीट भी हुई. इस संबंध में किरण के माये वालों ने ससुराल जाकर विरोध भी किया. कई बार पंचायत भी हुई लेकिन समाधान नहीं हुआ.
एक माह बाद घर लौटा था विवेक
परिजनों के अनुसार विवेक करीब एक माह से घर से बाहर था और सोमवार शाम को ही वापस लोटा था. रात में घर पहुंचने पर उसने पत्नी किरण के साथ मारपीट की और सिर पर भारी चीज से हमला कर दिया. इसके बाद भी जब किरण की सांसे चलती मिली तो आरोपी ने उसकी चाकू से गला काटकर हत्या कर दी. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी विवेक वहां से भाग गया.
पुलिस पहुंची, जांच
सुबह किरण की मौत की खबर पड़ोसियों को हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं. मृतका किरण के भाई का आरोप है कि विवेक और उसके परिवार के लोग लगातार दहेज की मांग को लेकर किरण को परेशान कर रहे थे. किरण के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा लक्ष्य पांच साल का है और छोटा बेटा चुन्नू तीन साल का है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है.