आगरालीक्स..ताजमहल में दो स्लॉट में 20-20 हजार पर्यटकों को ही प्रवेश मिल सकेगा, इसमें बच्चों की संख्या भी शामिल होगी, उन्हें शून्य रुपये की टिकट पर एंट्री दी जाएगी। यह व्यवस्था 20 जनवरी से लागू होने जा रही है। ताजमहल में क्राउड मैनेजमेंट को लेकर संस्क्रति मंत्रालय की बैठक में प्रतिदिन 40 हजार देशी पर्यटकों को प्रवेश देने का प्रस्ताव रखा गया है। इस पर 20 जनवरी से अमल होना है।
दो स्लॉट में होगा प्रवेश
संस्कृति मंत्रालय में हुई बैठक में एक दिन में सैलानियों की संख्या 40 हजार रखने पर सहमति बनी थी। इसमें दिन के दो स्लॉट तय किए गए हैं। एक स्लॉट सुबह ताज खुलने से लेकर दोपहर 12 बजे तक होगा और दूसरा स्लॉट दोपहर 12 बजे से सूर्यास्त पर ताज के गेट बंद होने तक होगा। प्रत्येक स्लॉट में 20-20 हजार पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा। इनमें बच्चे भी इसमें शामिल रहेंगे। उनकी गिनती के लिए जीरो वेल्यू टिकट का प्रस्ताव रखा गया है।
देशी पर्यटकों के लिए स्टेप टिकटिंग
भारतीय पर्यटकों के लिए स्टेप टिकटिंग का का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे ताज में चमेली फर्श तक भ्रमण और मुख्य मकबरे में प्रवेश के लिए अलग-अलग टिकट दी जाएंगी। वहीं सभी पर्यटकों के लिए ताज भ्रमण की अधिकतम समय सीमा तीन घंटे निर्धारित करने पर भी सहमति बनी थी।