आगरालीक्स…आगरा के अमल गार्डन शास्त्रीपुरम में शुरू हो जा रही श्रीमद्भागवत कथा. सात दिन गूंजेगा भक्ति का संदेश. भगवताचार्य नीरज नयन महाराज कराएंगे कथा का रसपान
समन्वय सेवा समिति की ओर से शास्त्रीपुरम स्थित अमल गार्डन में 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह सत्संग का आयोजन किया जाएगा। श्रीधाम वृंदावन से पधार रहे भगवताचार्य नीरज नयन महाराज श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान कराएंगे। रविवार को अमल गार्डन में आयोजित बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने कथा के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की जानकारी दी। कथा संयोजक विराज गहराना और डॉ. विकास कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन श्रद्धालु श्रीमद्भागवत के विभिन्न प्रसंगों का श्रवण करेंगे। कथा के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक उत्सव भी आयोजित किए जाएंगे। 27 सितंबर को श्री सालासर बालाजी मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो विभिन्न मार्गों से होती हुई कथा स्थल पर पहुंचेगी। शाम को श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ होगा। 28 को झूलन उत्सव, 29 को नौका विहार उत्सव और 30 सितंबर को नंद उत्सव मनाया जाएगा। 1 अक्टूबर को गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग महोत्सव, 2 को रुक्मिणी विवाह तथा 3 अक्टूबर को सुदामा चरित के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का समापन किया जाएगा।
कार्यक्रम समन्वयक तुषार रंजन एवं अंजुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि सात दिनों तक कथा स्थल पर प्रतिदिन भक्ति, आध्यात्मिकता और धार्मिक उत्सवों की अलौकिक रसधारा प्रवाहित होगी। आयोजन को केवल धार्मिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सेवा कार्यों से भी जोड़ा गया है। श्रीमद्भागवत कथा का उद्देश्य श्रद्धालुओं को भगवान की भक्ति, सेवा, संस्कार और मानवता के संदेश से जोड़ना है। गोवर्धन पूजा के दिन पांच असहाय एवं जरूरतमंद परिवारों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुएं प्रदान कर सेवा की जाएगी। वहीं सुदामा चरित के अवसर पर एक जरूरतमंद निर्धन ब्राह्मण परिवार को वस्त्र एवं राशन सामग्री भेंट की जाएगी। इस अवसर पर पार्षद प्रवीणा राजावत, आनंद श्रीवास्तव, नवीन गर्ग, हिमांशु मिश्रा, अजय, कुलदीप, मुकेश, अमल, प्रणव माहेश्वरी, विकास गोयल, मुकुल,गरिमा, मोनिका, समीक्षा ,अग्रिम,अरुणिमा,सनवृतआदि मौजूद रहे।