आगरालीक्स… आगरा में सरेराह ज्वैलर से लूट, बदमाश चांदी और कैश से भरे बैग को छीनकर फरार हो गए। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
आगरा में शनिवार को कासगंज निवासी सर्राफ तपन बिरला यहां चांदी के सिक्के लेने आए थे। एमजी रोड स्थित एक शोरूम से तीन किग्रा चांदी के सिक्के लिए। इसके बाद शाम 3.30 बजे वे चर्च रोड पर साड़ी शोरूम में शॉपिंग कर रही पत्नी को लेने गए। शोरूम में पास कार खड़ी करके वे रोड पार करने लगे।
बाइकर्स गैंग ने की लूट
एमजी रोड की ओर से आए दो बाइक सवार लुटेरों ने झपट्टा मारकर उनके कंधे से बैग छीन लिया। वे कुछ समझ पाते तब तक लुटेरे तेज रफ्तार में खंदारी की ओर निकल गए। बैग में तीन किग्रा चांदी के सिक्के, बीस हजार रुपये और कुछ जरूरी कागजात रखे थे। सर्राफ ने पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। दस मिनट में ही चीता मोबाइल मौके पर पहुंच गई, मगर तब तक लुटेरे बहुत दूर निकल चुके थे। आसपास के क्षेत्र में चेकिंग की गई, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं मिला। एसओ हरीपर्वत महेश चंद्र गौतम ने बताया कि सर्राफ की तहरीर पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फाइल फोटो