आगरालीक्स आगरा की पॉश कॉलोनी के 11 फ्लैटों के किचन और बाथरूम से महंगी टोंटियां चोरी, हाउस कीपिंग के दो लोगों को सोसायटी के पदाधिकारियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, दयालबाग के मंगलम शिला अपार्टमेंट के कई फ्लैट बंद हैं, कुछ लोग बाहर गए हुए हैं, तो कई फ्लैट किराएदारों के खाली करने के बाद से बंद पड़े हैं। एक फ्लैट के मालिक जब लौटकर आए तो उनके फ्लैट के ताले टूटे हुए थे, किचिन और बाथरूम की टोंटी गायब थीं, सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए लेकिन उसमें कोई भी संदिग्ध व्यक्ति आते जाते दिखाई नहीं दिए। इस पर सोसायटी के लोगों को हाउस कीपिंग के कर्मचारियों पर शक हुआ। उन्होंने कर्मचारियों से पूछताछ की तो दो कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध लगी, सख्ती से पूछने पर उन्होंने राज खोल दिया।
शौक पूरा करने के लिए 15 दिन से चोरी कर रहे थे टोंटी
हाउस कीपिंग के दो कर्मचारियों ने पूछताछ में बताया कि वे जिन फ्लैट के ताले लगे हुए थे उनकी बालकनी और ताला तोड़कर किचिन और बाथरूम में लगीं महंगी टोंटी खोल लेते थे। इन्हें कूड़ा रखने वाले ड्रम में डालकर सोसायटी से बाहर ले आते थे और टोटी को बाजार में बेच कर अपने शौक पूरे करते थे। सोसायटी के पदाधिकारियों ने दोनों कर्मचारियों को पुलिस को सौंप दिया है, थाना न्यू आगरा प्रभारी निशामक त्यागी के अनुसार, मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।