आगरालीक्स…10वीं की छात्रा की श्वांस नली में फंसी चाऊमीन. जान बचाने तक का नहीं मिला मौका, मौत…
एटा के मिरहची के रहने वाले शरद श्रीवास्वत नोएडा में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं. उनकी पत्नी कल्पना श्रीवास्तव, बड़ी बेटी 14 साल की भावना उर्फ तनु एंजल द फ्यूचर स्कूल में 10वीं की छात्रा थी. छोटी बेटी मनु कक्षा 4 और बेटा 3 साल का है. उनकी पत्नी कल्पना बच्चों के साथ मराहरा में ही रह रही थी. तनु ने नवरात्र में नौ दिन का उपवास रखा था. सोमवार सुबह महानवमी पूजन के बाद कन्या लांगुरा किए और इसके बाद उपवास तोड़ा.
आइसक्रीम, चाऊमीन और कोल्डड्रिंक पी
सोमवार दोपहर एक बजे कल्पना श्रीवास्तव तीनों बच्चों और ननद नीलम श्रीवास्तव के साथ एटा स्थित चामुंडा देवी मंदिर दर्शन के लिए गए. दर्शन करने के बाद दोपहर करीब साढ़े तीन बजे सभी लोगों ने आइसक्रीम खाई और इसके बाद चाऊमीन खाई. शाम चार बजे आटो से मिरहची जाने के लिए बैठे. इसी दौरान तनु ने कोल्डड्रिंक भी पी. जैसे ही आटो नदरई के पास पहुंचा, तनु को उल्टी होने लगी. आटो रोका लेकिन तब तक तनु बेहोश हो गई. वे तनु को लेकर मिरहची पहुंचे और यहां डॉक्टर को दिखाया. डॉक्टरों ने कासगंज ले जाने के लिए कह दिया.
उल्टी के दौरान चाऊमीन फंसने से मौत की आशंका
तनु को परिजन कासगंज ले गए. डॉक्टर ने जांच के बाद तनु को मृत घोषित कर दिया. एटा के सीएमओ डॉ. राजेंद्र प्रसाद का मीडिया से कहना है कि तनु को उल्टी हुई थी, उल्टी के दौरान श्वांस नली में चाऊमीन फंसने से मौत की आशंका है.