मथुरालीक्स…बांकेबिहारी मंदिर में दर्शन के नये नियम लागू. अब फूलमाला और प्रसाद को लेकर जारी किए गए निर्देश..
ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के मंदिर में फूल और प्रसाद चढ़ाने को लेकर अनुशासन के नये नियम जारी किए गए हैं. मंदिर में दर्शन के दौरान ठाकुर जी की ओर फूलमाला, मिठाई पेड़ा या अन्य प्रसाद उछालकर चढ़ाने को पूरी तरह से प्रतिबंध कर दिया गया है. मंदिर की उच्चाधिकारी प्राप्त प्रबंधन समिति ने जगमोहन के ऊपर सूचना बोर्ड लगाकर श्रद्धालुओं के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. प्रबंधन से नियम का उल्लंघर करने वाले श्रद्धालुओं को तत्काल रोकने के निर्देश भी दिए गए हैं.
ठाकुर श्री बांकेबिहारी जी के दर्शन को देश के कोने कोने से हजारों लोग वृंदावन पहुंचते हैं लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण कई श्रद्धालु अपने साथ लाए फूलमाला और प्रसाद ठाकुर जी की ओर उछालकर अर्पित कर देते हैं. इससे मालाएं और प्रसाद नीचे गिर जाते हैं. इनमें तुलसी की भी मालाएं होती हैं जिन्हें श्रद्धालु विशेष श्रद्धाभाव से अर्पित करते हैं. ठाकुर जी को अर्पित की जाने वाली सामग्री का पैरों में गिरना धार्मिक भावनाओं के लिहाज से उचित नहीं माना जा रहा था. समिति ने इसके लिए सूचना बोर्ड लगाकर इस पर प्रतिबंध की घोषणा कर दी है.