आगरालीक्स…आगरा की जनकपुरी में महिला की दो सोने की चूड़ियां हो गई थीं चोरी, पुलिस ने 1200 किमी दूर से जनकपुरी देखने आए दो युवकों को पकड़ा. 11 दिन बाद खुलासा
आगरा के भावना एस्टेट में इस बार जनकपुरी महोत्सव का आयोजन किया गया था. जनकपुरी महोत्सव के पहले दिन 8 अक्टूबर को अपने परिवार के साथ घूमने आई एक महिला के हाथों से दो सोने की चूड़ियां चोरी हो गई थीं. इस मामले में 9 अक्टूबर को थाना सिकदंरा पुलिस में सूचना दी गई थी. वादी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जनकपुरी महोत्सव देखने गया था जहां उसके छोटे भाई की पत्नी की दो सोने की चूड़ियां चोरी कर ली गई थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया.
महाराष्ट्र के दो युवकों को किया अरेस्ट
पुलिस ने सीसीटीवी आदि की मदद से बदमाशों की तलाश शुरू की. कई सीसीटीवी से मिले साक्ष्यों के बाद पुलिस को महाराष्ट्र के दो युवकों के बारे में पता चला. इस पर 13 अक्टूबर को पुलिस की एक टीम दोनों की तलाश के लिए महाराष्ट्र के ठाणे पहुंची. यहां थाना अबरनाथ क्षेत्र के रहने वाले दो युवक गणेश व इरफान को नोटिस तामिल कराकर जनपद आगरा लाया गया. 19 अक्टूबर को पुलिस से दोनों युवकों को अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने इनके पास से दोनों सोने की चूड़ियां बरामद कर लीं. पुलिस के अनुसार ये बांगड़ी कटिंग गैंग के सदस्य हैं जो कि ये पता लगाते हैं किस राज्य के किस शहर में बड़ा आयोजन हो रहा है और घूम—घूम कर इन आयोजनों में पहुंचकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
चोरी के बाद पार्किंग में छुपा थी चूड़ियां
पकड़े गए युवकों ने बताया कि वह 8 अक्टूबर को जनकपुरी महोत्सव देखने के लिए आगरा आए थे और महोत्सव के दौरान ही उन्होंने एक महिला के हाथ से सोने की दो चूड़ियां चोरी कर ली थी. आगरा पुलिस को चोरी की सूचना मिलने और पुलिस द्वारा गहनता से जांच करने की जानकारी होते ही डर से उन्होंने चोरी की चूड़ियों को पार्किंग में छुपा दिया था.
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण-
गणेश पुत्र राजू गायकवाड निवासी थाना अंबरनाथ पश्चिम महाराष्ट्र ।
इरफान पुत्र रज्जाक सतवारे निवासी चाल नं0 6 थाना अंबरनाथ पश्चिम महाराष्ट्र ।