आगरालीक्स…आगरा के इस मेट्रो स्टेशन पर रामायण रंगीन चित्रकलाएं आपका मन मोह लेंगी. देखें फोटोज, यात्रियों को मिलेगा भारतीय संस्कृति से जुड़ने का अवसर..जल्द शुरू होगा ये स्टेशन
भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक अनूठी पहल के अंतर्गत आगरा मेट्रो के आगामी मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर भगवान श्री राम एवं रामायण के वृत्तांत कला के माध्यम से दर्शाए गए हैं। आगरा मेट्रो के स्टेशन पर रामायण के प्रसंगों और पात्रों पर आधारित आकर्षक चित्रकला यात्रियों का स्वागत करेगी। इस चित्रकला के माध्यम से मेट्रो स्टेशन केवल आवागमन का केंद्र ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, इतिहास और नैतिक मूल्यों से परिचित कराने वाला जीवंत सांस्कृतिक स्थल भी बनेगा।

रामायण के प्रसंगों से सजा मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन
जल्द ही यात्री सेवाओं के लिए खुलने वाले मेडिकल कॉलेज मेट्रो स्टेशन पर रामायण के प्रमुख प्रसंग (भगवान श्री राम गुरुकुल में शिक्षा ग्रहण करते हुए) को रंगों और कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से दर्शाया गया है। अन्य स्टेशनों पर भी ब्रज क्षेत्र (राधा-कृष्ण) से जुड़ी चित्रकलायें देखने को मिलेंगी। इन चित्रकलाओं में भारतीय कला परंपरा, सांस्कृतिक प्रतीकों और पौराणिक कथाओं की झलक देखने को मिलेगी। स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही यात्रियों को भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत का अनुभव होगा। बच्चे, युवा और पर्यटक इन चित्रों के माध्यम से रामायण के प्रसंगों, उनके पात्रों तथा उनसे मिलने वाली प्रेरणाओं को सहजता से समझ सकेंगे।
आगरा मेट्रो की यह पहल सार्वजनिक परिवहन को एक व्यापक सांस्कृतिक अनुभव से जोड़ती है। इस अवसर पर एमडी यूपीएमआरसी श्री सुशील कुमार जी ने कहा,”आगरा मेट्रो का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके दैनिक सफर को कला, संस्कृति और विरासत से जोड़ना भी है। आगामी स्टेशनों पर रामायण एवं भारतीय संस्कृति से जुड़ी की चित्रकलाएं इसी उद्देश्य की एक सुंदर अभिव्यक्ति होंगी।” आगरा, जो अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान के लिए विश्वविख्यात है, वहां मेट्रो स्टेशनों पर भारतीय महाकाव्य की कलात्मक प्रस्तुति शहर की सांस्कृतिक गरिमा को और समृद्ध करेगी।
