आगरालीक्स…दर्दनाक, आगरा के चार दोस्तों की जयपुर में मौत. खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय कार टायर फटने से गहरी खाई में गिरी. दो दोस्त घायल
आगरा से खाटू श्याम मंदिर गए छह दोस्तों के साथ दर्दनाक हादसा हुआ है. खाटू श्याम मंदिर से लौटते समय उनकी कार का टायर फट गया जिससे कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में चार युवकों की मौत हो गई जबकि दो दोस्त घायल हैं. एक्सीडेंट राजस्थान के दौसा—मनोहरपुर नेशनल हाइवे पर रायसर के पास शुक्रवार सुबह हुआ है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.
आगरा के रामबाग में रहने वाले अतुल, नुनिहाई के राहुल, बल्केश्वर के अर्पित और कालिंदी विहार के रहने वाले मुकुल, रूपेश व शिवा कार से खाटू श्याम गए थे. वापस लौटते समय कार का टायर फटने से हादसा हो गया. आसपास के लोगों ने पुलिस की मदद से कार में फंसे सभी युवकों को बाहर निकाला. पुलिस ने सभी को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने चार युवकों को मृत घोषित कर दिया. इनमें अतुल, मुकुल, रूपेश और शिवा शामिल हैं. वहीं दो युवक रहाुल शर्मा और अर्पित घायल हैं. उनका जयपुर के निसम अस्पताल में इलाज चल रहा है.
परिजनों में मचा कोहराम
आगरा में सुबह 7 बजे पुलिस से हादसे के बारे में सूचना मिली. इससे परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों के अनुसार 21 अक्टूबर को सभी दोस्त खाटू श्याम गए थे. वहां पर उन्हें 22 अक्टूबर को एकादशी पर भजन कीर्तन को यूट्यूब पर लाइव करना था. लाइव कवजेर के बाद वहां से निकले थे. अतुल की शादी 2016 में हुई थी. इसे तीन बेटियां हैं. वहीं अतुल के पिता परचून की दुकान चलाते हैं.