आगरालीक्स…आगरा—मथुरा में यूपी पीईटी परीक्षा के लिए रेलवे चलाएगा परीक्षा स्पेशल ट्रेने. आगरा कैंट—झांसी पैसेंजर का भी होगा विस्तार. कई और ट्रेनों की भी मिलेगी सुविधा
उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (UP PET-2026) 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर और 1 नवंबर को होने जा रही है. परीक्षार्थियों की सुविधा एवं संभावित अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों के संचालन तथा कुछ ट्रेनों के विस्तार की व्यवस्था की जाएगी. रेलवे द्वारा यह व्यवस्था परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में सुविधा प्रदान करने और यात्रा के दौरान अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के उद्देश्य से की जाएगी. यूपी पीईटी-2026 के तहत उत्तर प्रदेश में कुल 1,372 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी. आगरा मंडल में लगभग 197504 परीक्षार्थी, जिसमें आगरा में 126089 व मथुरा मे 71415 परीक्षार्थी के शामिल होने के मद्देनजर विभिन्न शहरों से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा हेतु आवश्यकतानुसार विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा.
आगरा कैंट–झांसी पैसेंजर का होगा विस्तार
परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 11808 आगरा कैंट–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पैसेंजर का आवश्यकतानुसार विस्तार किया जाएगा ,जिससे यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध हो सके।
तीन अलग-अलग गंतव्यों के लिए स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था
परीक्षा अवधि में यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा तीन अलग-अलग गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेनों का आवश्यकतानुसार संचालन किया जाएगा
- मथुरा जंक्शन–लखनऊ परीक्षा स्पेशल (आवश्यकतानुसार)
मथुरा जंक्शन से लगभग 14:00 बजे एवं 19:00 बजे दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। यह व्यवस्था 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 के लिए निर्धारित की गई है। - आगरा कैंट- मेरठ परीक्षा स्पेशल (आवश्यकतानुसार)
आगरा कैंट से लगभग 14:00 बजे एवं 19:00 बजे दो परीक्षा स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा,इनका संचालन 24 अक्टूबर, 29 अक्टूबर तथा 31 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। - मथुरा जंक्शन–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बांदा परीक्षा स्पेशल (आवश्यकतानुसार)
मथुरा जंक्शन से लगभग 19:00 बजे एक परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा, यह व्यवस्था 25 अक्टूबर, 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 के लिए निर्धारित की गई है। - कानपुर सेंट्रल–मथुरा के बीच चलेगी अनारक्षित स्पेशल ट्रेन (आवश्यकतानुसार)
गाड़ी संख्या 01823 कानपुर सेंट्रल–मथुरा जंक्शन अनारक्षित परीक्षा स्पेशल ट्रेन का संचालन 24, 29 एवं 31 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। कानपुर सेंट्रल से रात 8 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन रूसा, झींझक, फफूंद, भरथना, इटावा जंक्शन, शिकोहाबाद, फिरोजाबाद और टूंडला जंक्शन होते हुए आगरा पहुंचेगी। ईदगाह आगरा जंक्शन स्टेशन पर ठहराव पर रात 1:10 बजे तथा आगरा कैंट स्टेशन पर ठहराव रात 1:53 बजे रहेगा। इसके बाद ट्रेन मथुरा जंक्शन के लिए रवाना होगी और वहां सुबह 3:10 बजे पहुंचेगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेक रखे जाएंगे तैयार
आगरा कैंट एवं मथुरा जंक्शन पर आवश्यकतानुसार एक-एक रेक अतिरिक्त रखे जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल अतिरिक्त ट्रेन का संचालन किया जा सके। इसके अतिरिक्त, रेल सुरक्षा बल, टिकट चेकिंग स्टाफ व रेलवे स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, हेल्प डेस्क, सूचना पट्टों से यात्रियों को ट्रेनों के संचालन एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जायेगी|