आगरालीक्स...आगरा में मौसम बदलने के संकेत. आकाशीय बिजली, बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार. चक्रवाती तूफान का दिख सकता है असर
आगरा में मौसम बदलने के आसार हैं. मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफ़ान के प्रभाव से 28 अक्टूबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बेमौसम वर्षा का दौर हो सकता है. इसके अलावा आकाशीय बिजली चमकने, मेघ गर्जन भी हो सकता है. मौसम विभाग द्वारा जारी की गई सूचना के अनुसार पूर्व-मध्य एवं संलग्न दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के 24 अक्टूबर 2026 को अवदाब के रूप में घनीभूत होकर पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में आगे बढ़ने तथा 25 अक्टूबर को गहन अवदाब और 26 अक्टूबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तीव्र होने की बहुत अधिक संभावना है. इसके अगले 2 दिनों के दौरान और अधिक तीव्र होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी दिशा में उत्तरी आंध्र प्रदेश तथा संलग्न दक्षिणी ओडिशा तटों की ओर आगे बढ़ने की संभावना है. मौसम तंत्र के 28 अक्टूबर से प्रदेश के मौसम को प्रभावित करने की सम्भावना के दृष्टिगत प्रदेश में बेमौसम वर्षा का एक और दौर संभावित है. इसके अतिरिक्त पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी 24 घण्टों के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट वर्षा की संभावना है.

जानें आज कितना रहा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को आगरा का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहा तो वहीं न्यूनतम तापमान 18.9 डिग्री सेल्सियस रहा. आगरा में रात को और सुबह के समय सर्दी महसूस होने लगी है.