आगरालीक्स…आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर डिवाइडर तोड़कर पलटी कार, एक की मौत..देर रात हुआ एक्सीडेंट
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना फतेहाबाद क्षेत्र में किलोमीटर 26+800 के पास शुक्रवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर मध्य डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर जाकर पलट गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चालक घायल हो गया।
कार संख्या HR 26 DA 8670 को भास्कर पुत्र मनोरथ सिंह, निवासी बिनोद नगर, दिल्ली चला रहा था। कार में शैलेष पुत्र स्वर्गीय फगुनी महतो भी सवार थे। दोनों दिल्ली से बिहार जा रहे थे। बताया गया है कि चालक को नींद आ जाने और कार की गति तेज होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया। कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर पहुंची और पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा आगे बैठे शैलेष की मौत हो गई।घटना के बाद टोल-27 की एंबुलेंस से घायल चालक को उपचार के लिए सीएचसी फतेहाबाद भेजा गया। मृतक के शव को आवश्यक पुलिस कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया गया।
दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से थाना फतेहाबाद पहुंचाया गया।थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।