आगरालीक्स…आगरा में टेढ़ी बगिया का युवक महंगे शौकों को पूरा करने के लिए कर रहा था हथियार सप्लाई. पुलिस ने 03 अवैध पिस्टल एवं 06 खाली मैगजीन की बरामद
आगरा के थाना ट्रांस यमुना के टेढ़ी बगिया का रहने वाला युवक मनीष अपने महंगे शौकों को पूरा करने के लिए अपराध की दुनिया में चला गया. पुलिस ने फतेहपुर सीकरी से मनीष को पकड़ा तो इसके पास से तीन पिस्टल और छह मैगजीन बरामद की है. पुलिस के अनुसार युवक हथियारों की सप्लाई करता था और दूसरे राज्य से लाकर आगरा में अधिक कीमत पर बेचने की योजना बना रहा था.
पुलिस के अनुसार मनीष अपने एक परिचित के माध्यम से दूसरे राज्य से ये हथियार खरीद कर लाया था. वह इन पिस्टलों को 10 हजार रुपये में खरीदकर आगरा में आपराधिक तत्वों को 30 हजार रुपये तक में बेचने की फिराक में था. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है. डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि मनीष से पूछताछ के आधार पर आगे हथियारों की तस्करी के गिरोह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.