आगरालीक्स …. आगरा में डॉक्टर और स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत से मरीजों को लूट रहे तीन हॉस्पिटल सील कर दिए हैं। ये तीनों हॉस्पिटल बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे थे, यहां डॉक्टर इलाज करने भी आ रहे थे। मरीजों की शिकायत के बाद जागे स्वास्थ्य विभाग ने एक के बाद एक तीन हॉस्पिटल पर छापा मारा, इन तीनों हॉस्पिटल का रजिस्ट्रेशन नहीं था।
आगरा के नेहरू नगर स्थित अर्श हॉस्पिटल में छह महीने के बच्चे का 82 हजार रुपये बिल बनाने की शिकायत के बाद गुरुवार को सीएमओ डॉ मुकेश वत्स के नेत्रत्व में टीम ने हॉस्पिटल में छापा मारा।
अर्श हॉस्पिटल में डॉक्टर के बिना
अर्श हॉस्पिटल दो महीने से चल रहा था, यहां मरीज भर्ती हो रहे थे लेकिन रजिस्ट्रेशन नहीं कराया गया था, रजिस्ट्रेशन के लिए सीएमओ कार्यालय में आवेदन किया गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संचालक मोहित अग्रवाल से रजिस्ट्रेशन मांगा तो वह नहीं दिखा सका, हॉस्पिटल में एक्सीडेंट से लेकर 24 घंटे आईसीयू की सुविधा के बोर्ड लगे हुए थे। इसे सील कर दिया है।
दो साल से बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहा अनमोल हॉस्पिटल
अनमोल हॉस्पिटल, यमुना पार का दो साल से रजिस्ट्रेशन का नवीनीकरण नहीं हुआ था, यहां मरीज भर्ती किए जा रहे थे और इलाज चल रहा था। इसे भी टीम ने सील कर दिया है।
दिव्यांश हॉस्पिटल में डिलीवरी, ओटी सील
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बोदला रोड पर दिव्यांश हॉस्पिटल में छापा मारा, इसका भी रजिस्ट्रेशन नहीं था। टीम को हॉस्पिटल में मरीज मिले, एक डिलीवरी भी हुई थी। टीम ने ओटी को सील कर दिया है।