आगरालीक्स…. आगरा के डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षा की तिथि घोषित कर दी गई है। इसके साथ ही प्राइवेट परीक्षा फॉर्म भरने के लिए विवि की वेबसाइट पर लिंक दिया गया है।
डॉ भीमराव अंबेडकर विवि की मुख्य परीक्षा 2017 18 आठ मार्च से होंगी, इसके लिए 4 18 लाख परीक्षा फॉर्म भरे जा चुके हैं। बीए, बीकॉम, एमए, एमकॉम के प्राइवेट फॉर्म भरने के लिए विवि की वेबसाइट पर बुधवार रात से लिंक दिया जाएगा। इस पर लॉग इन कर छात्र फॉर्म भर कसेंगे। प्राइवेट परीक्षा की फीस सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए ₹3000 जबकि SC-ST के लिए ₹2200 निर्धारित की गई है। पहली बार नामांकन करने के लिए ₹300 अतिरिक्त देना होगा ।
डिप्टी सीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग
बुधवार को कुलपतियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग में उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कुलपतियों से परीक्षा की तैयारी के लिए वीडियो कांफ्रेंस की। आगरा के कलक्ट्रेट परिसर स्थित सभागार में कुलपति डा. अरविंद दीक्षित ने डिप्टी सीएम को बताया कि परीक्षाएं आठ मार्च से 30 अप्रैल तक कराई जाएंगी। परीक्षाएं सीसीटीवी की निगरानी में होंगी। दागी कॉलेजों को केंद्र नहीं बनाया जाएगा। परीक्षाफल 15 जून तक घोषित किया जाएगा। स्नातक और स्नातकोत्तर की प्रवेश प्रक्रिया 10 जुलाई तक खत्म कर दी जाएगी। अधिकतर परीक्षाएं ओएमआर शीट पर कराई जा रही हैं। एक कक्ष में पांच तरह के प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। इससे नकल पर रोक लगने के साथ समय की बचत भी होगी। ओएमआर पर परीक्षाएं कराने से मूल्यांकन भी जल्दी खत्म किया जा सकेगा। उप मुख्यमंत्री ने आगरा विवि की तैयारियों की प्रशंसा की।
पुलिस करेगी मदद
कांफ्रेंसिंग में डिप्टी सीएम डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि नकल विहीन परीक्षाओं के लिए सभी डीएम और एसएसपी को कुलपतियों के साथ समन्वय के निर्देश दिए गए हैं। दागी, संदिग्ध, बाहुबली, अन्य प्रभावी कॉलेज संचालकों की गुप्त जानकारी दी जाए। छात्राओं के कॉलेजों के अलावा किसी को स्वकेंद्र नहीं बनाया जाए। केंद्र का स्थलीय निरीक्षण सक्षम अधिकारी से कराएं। नोडल अधिकारी भी रखें और प्रबंधक समेत परिजनों को केंद्र से दूर रखने वाले कॉलेज ही केंद्र बनाए जाएं। सीसीटीवी की रिकार्डिंग रखकर कॉपियों की कोडिंग कराई जाए।