आगरालीक्स… आगरा में एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चौराहे पर पुतला फूंका गया। खंडपीठ को जेवर में बनाए जाने के उनके बयान से आगरा में आंदोलन कर रहे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। उन्होंने बुधवार को दीवानी चौराहे पर एससी आयोग के अध्यक्ष डॉ राम शंकर कठेरिया अ ौर कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद का पुतला दहन किया।
एससी आयोग के अध्यक्ष प्रो. रामशंकर कठेरिया ने कानून मंत्री के साथ हुई बातचीत के आधार पर कहा कि आगरा और मेरठ के लोग तैयार हों तो जेवर में भी खंडपीठ स्थापित हो सकती है। उन्होंने कहा कि ये सुझाव उनका नहीं बल्कि केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद का था। वह तो आगरा में ही खंडपीठ की बात को लेकर उनसे मिलने गए थे।
पासपोर्ट सेवा केंद्र के शुभारंभ पर दिया था बयान
डॉ राम शंकर कठेरिया ने कहा कि वह जब पदयात्रा पर गए थे तो पांच मांगों को लेकर गए थे। एयरपोर्ट, गंगाजल, पासपोर्ट केंद्र, बैराज और हाईकोर्ट बेंच। इनमें से एयरपोर्ट का काम शुरू होने वाला है। बैराज को प्रदेश सरकार ने स्वीकृति दे दी है। उसकी प्रक्रिया चल रही है। गंगाजल लाने के काम में तेजी आई है। पासपोर्ट केंद्र खुल गया है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट की बेंच मामले में उनकी कानून मंत्री से बात हुई थी। आगरा का पक्ष भी रखा था। इस पर कानून मंत्री ने सुझाव दिया था कि वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खंडपीठ स्थापित कराना चाहते हैं। आगरा और मेरठ के लोग आपस में तय कर लें तो बीच में कहीं बनाई जा सकती है। कानून मंत्री ने ये भी सुझाव दिया था कि यदि आगरा और मेरठ के लोग तय कर लें तो जेवर में जहां एयरपोर्ट बन रहा है, वहीं पास में हाईकोर्ट बेंच भी स्थापित की जा सकती है। इस पर कठेरिया ने कहा कि वह तो आगरा में ही खंडपीठ चाहते हैं। वकीलों की नाराजगी के बारे में उन्होंने कहा कि उनका बयान कतई धोखा देने वाला नहीं है। उन्होंने तो कानून मंत्री द्वारा दिए गए सुझाव की बात को ही कहा है।