आगरालीक्स… आगरा में चिकित्सकों ने सवालों के जवाब दिए, बताया कि गर्भवती महिलाएं होली खेलें तो क्या सावधानी बरतें, रेनबो हॉस्पिटल की निदेशक व फोग्सी की अध्यक्ष डॉ जयदीप मल्होत्रा ने कहा कि होली खुशियों और मस्ती से भरपूर त्योहार है। लाजिमी है कि गर्भावस्था के दौरान भी महिलाएं रंगों से सराबोर होना और दूसरे को भिगोना चाहेंगी। इसमें कोई हर्ज नहीं है, मगर थोडी सावधानी बरतने की जरूरत है, ताकि त्योहार का मजा किरकिरा न होने पाए। होली एक ऐसा खुशियों और मस्ती से भरा त्योहार है, जिसका हर कोई अपने परिवार और दोस्तों के साथ लुत्फ उठाना चाहता है। वहीं गर्भवती महिलाओं के लिए होली के रंगों से खेलना खतरे से खाली नहीं होता। आपके मन में उथल-पुथल कर रहीं जिज्ञासाओं को शांत करने का प्रयास कर रही हैं फेडरेशन आॅफ आॅब्सटेट्रिक एंड गायनेकोलाॅजिकल सोसाइटी आॅफ इंडिया (फाॅग्सी) की अध्यक्ष और जानी-मानी आईवीएफ विशेषज्ञ डा. जयदीप मल्होत्रा…….

क्या मैं होली खेल सकती हूं ?
डा. जयदीप बताती हैं कि जब भी कोई महिला गर्भवती होती है तब इस खास अवसर पर अपने परिवारीजनों से उसका सबसे पहला सवाल होता है कि क्या मैं होली खेल सकती हूं। खासकर तब जब वह शादी के बाद पहली बार गर्भवती होती है। जवाब है हां, लेकिन कुछ सावधानियों के साथ। गर्भवती होने का मतलब है कि पहले की तुलना में अब आपकी प्राथमिकताएं कुछ अलग हैं। आप एक नए जीव को दुनिया में लाने वाली हैं, जो आपके लिए सबसे खास होगा। अगर आपको इस खास मौके का आनंद लेना है तो पहली सावधानी यह है कि अगर आपने अब तक इस बारे में किसी को नहीं बताया है कि आप गर्भवती हैं, तो सबसे पहले परिवार के किसी व्यक्ति को इसके बारे में बताएं, भले ही आप अभी किसी को बताना न चाहती हों। किसी ऐसे व्यक्ति का चयन करें जिस पर आप पूरी तरह विश्वास कर सकती हैं। ऐसे में वह त्योहार के उत्साह में आपके खान-पान व अन्य लापरवाहियों पर नजर रखेगा बल्कि कदम-कदम पर आपकी मदद करेगा। ध्यान रखें कि आपको न सिर्फ अपना बल्कि अपने बच्चे का भी ध्यान रखना है जो अब तक इस दुनिया में आया ही नहीं। ऐसे में आपको उन रंगों के लिए भी सावधानी रखनी होगी, जिन्हें आप उपयोग में लोने वाले हैं। आप अपने खुद के घर में होली मना सकती हैं। परिवार के अलावा खास दोस्तों को आमंत्रित कर सकती हैं, यह कहीं जाने-आने और इसमें होने वाली असुविधा से काफी बेहतर होगा। अगर आप पार्टी प्लान कर रही हैं तो आपको सहयोग और सावधानी दोनों की जरूरत होगी। सबसे खास बात यह है कि ऐसी कोई भी योजना बनाने से पहले एक बार अपने डाॅक्टर से मिलकर उनकी सलाह ले लें ताकि वह आपको गर्भावस्था के स्तर को समझते हुए होली खेलने की सलाह दे सके। क्योंकि कई बार जुडवां बच्चों और अधिक समय बीतने पर अतिरिक्त सुरक्षा की आवश्यकता भी होती है।
क्या होली के रंगों से मुझे और मेरे बच्चे को कोई नुकसान हो सकता है ?
डा. जयदीप बताती हैं कि होली रोमांच से भरा त्योहार है। ऐसे में सामान्य लोगों की तरह ही गर्भवती महिलाओं के लिए भी रंगों से सराबोर होने की इच्छा को रोक पाना मुश्किल होता है। ऐसे में वह रंगों से खेलना भी चाहती हैं और बार-बार यह प्रश्न भी करती हैं कि क्या रंगों से कोई नुकसान तो नहीं होगा। जवाब है हां, कुछ रंग हानिकारक हो सकते हैं। जब आप गर्भवती हैं तो आपके लिए सही रंगों का चुनाव करना बहुत जरूरी है। इसके लिए प्राकृतिक अवयवों जैसे फल, फूल, घर पर बने रंग सुरक्षित हो सकते हैं। हर्बल या सब्जी के रंगों से बने प्राकृतिक रंगों को भी सुरक्षित माना जाता है। अधिकांश हर्बल रंगों में फूलों या हर्बल निष्कर्षों को उपयोग होता है जो विरोधी आॅक्सीडेंट के रूप में भी कार्य करते हैं। लेकिन आपको लेबल प्राकृतिक या कार्बनिक रंगों के प्रति सावधानी बरतनी चाहिए। कई बार रंगों की पैकेजिंग पर सुरक्षित रंगों के लेबल चिपके होते हैं, लेकिन इनकी वास्तविकता को जानने की आवश्यकता है। रासायनिक रंग सिंथेटिक या औद्योगिक रंगों से बने होते हैं और इसमें आॅक्साइडरीज धातु जैसे सीसा आॅक्साइड, तांबा सल्फेट और कुचल ग्लास के टुकडे भी शामिल होते हैं। ये तंत्र्ािका और श्वसन प्रणाली को प्रभावित कर सकते हैं।
अगर मुझे रंग से कोई विरोधी प्रतिक्रिया महसूस हो या दुर्घटनावश रंग मुंह में चला जाए तो मुझे क्या करना चाहिए ?
जो महिलाएं अधिक सजगता बरतना चाहती हैं वह अक्सर यह सवाल भी पूछती हैं कि यदि होली खेलते समय या उसके बाद किसी रंग से कोई प्रतिक्रिया हो या दुर्घटनावश रंग निगल लिया जाए तो उन्हें क्या करना चाहिए। ऐसे में डा. जयदीप बताती हैं कि रंग आपकी त्वचा के माध्यम से भी अंदर जाते हैं, सांस लेना या अवशोषण से आपके शरीर में प्रवेश कर सकते हैं। गर्भवती महिलाओं की प्रतिरोधक क्षमता दूसरों के मुकाबले कुछ कम हो जाती है, ऐसे में बीमारी और संक्रमण के साथ ही त्वचा भी अधिक संवेदनशील हो जाती है। हो सकता है आपको कोई ऐसा अहसास हो जो आपको पहले कभी किसी होली पर न हुआ हो।
– अगर आप पर किसी ने रसायन युक्त रंग डाल दिया है तो आप तुरंत चेहरे व शरीर के उस भाग को साफ पानी से धोएं, साफ पानी से कई बार कुल्ला करें।
– नमकीन पानी या सिरके का सेवन न करें, उससे उल्टी हो सकती है।
– रंगों को हटाने के लिए हर्बल वस्तुओं का इस्तेमाल करें।
– रंग लगी त्वचा पर जलन, सूखापन या कोई अन्य असामान्य प्रतिक्रिया हो तो डाॅक्टर से संपर्क करें।
– आंखों में रंग या गुलाल न जाने दें, अगर ऐसा हो गया है तो तुरंत ठंडे पानी के छींटे डालकर साफ करने की कोशिश करें और डाॅक्टर से संपर्क करें।
– बिना डाॅक्टरी सलाह के ओवर द काउंटर दवाओं का सेवन न करें।