आगरालीक्स… आगरा में हलक सुखाने वाले गर्मी का एहसास होने लगा है, तापमान 34.4 डिग्री पर पहुंचने के साथ सात किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से गर्म हवाएं चल रही हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 10 मार्च तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आगरा में अधिक गर्मी और लू चलेंगी, इसकी शुरूआत हो चुकी है। मार्च के पहले सप्ताह में शनिवार को तापमान 34. 4 डिग्री तक पहुंच गया, न्यूनतम तापमान 14. 8 डिग्री दर्ज किया गया। दोपहर में धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मार्च के दूसरे सप्ताह में 35 डिग्री तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि मार्च के दूसरे सप्ताह में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच जाएगा, इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में भी बढोत्तरी होगी। रविवार सुबह 8 .30 बजे अधिकतम तापमान 18 डिग्री तक पहुंच गया और आठ किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलती रहीं।
सात राज्यों में पड़ेगी भंयकर गर्मी
मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने कहा कि पिछले तीन-चार सालों से करीब करीब यहीं रुझान देखे जा रहे हैं, लेकिन इस बार गर्मी का सबसे ज्यादा असर उत्तरी राज्यों में रहेगा, जिसमें जम्मू कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश शामिल हैं.
लू का प्रकोप
इस बार लू लोगों को बेहाल करेगी, मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने कहा कि यदि तापमान में बढ़ोतरी होती है तो जलवायु परिवर्तन का प्रकोप साफ तौर से देखा जा सकता है. जिसका सीधा-सीधा असर उत्तर भारत में पड़ने वाली गर्मी से लगाया जा सकता है.