आगरालीक्स.. मंत्री नंद गोपाल नंदी ने मायावती को शूर्पणखा, अखिलेश को मेघनाथ कहा तो आगरा के मेयर नवीन जैन ने भी रामायण के चरित्रों से पीएम सहित खुद की तुलना कर दी।
सोमवार को यूपी की फूलपुर सीट पर होने जा रहे उपचुनाव की चुनावी रैली में मंत्री नंद गोपाल नंदी ने सपा और बसपा के गठबंधन पर मुलायम सिंह से लेकर अखिलेश और मायावती के लिए विवादित बोल बोले। इसके मीडिया में आने के बाद आगरा के मेयर नवीन जैन ने एक निजी चैनल के इंटरव्यू में कहा कि केंद्र में पीएम मोदी राम की तरह शासन कर रहे हैं, सीएम योगी लक्ष्मण हैं और मैं आगरा में मेयर के रूप में मैं उनका हनुमान हूं। हम तीनों का लक्ष्य है कि ईमानदारी से काम करेंगे, भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे, न खाएंगे ना खाने देंगे।
हनुमान नहीं लक्ष्मण
मेयर नवीन जैन ने पहले सीएम योगी को हनुमान कहा, इसे सही करते हुए कहा कि सीएम योगी लक्ष्मण की तरह से शासन कर रहे हैं और मैं हनुमान की तरह से।
ये बोले मंत्री नंद गोपाल नंदी
सोमवार को इलाहाबाद के प्रीतमनगर में फूलपुर उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र पटेल के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली में नंद गोपाल नंदी ने मुलायम सिंह यादव को कलयुग का रावण बताया वही बसपा सुप्रीमो माया वती को शूर्पणखा बता डाला.उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान राम तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हनुमान जैसी उपमा दी.योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में मंत्री ने रामायण के पात्रों को लेकर गढ़ी एक कहानी पढ़ी, जो अमूमन सोशल मीडिया पर वायरल होती रही है जिसकी खासी चर्चा रही. मंत्री नंदी ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव को मेघनाथ तो उनके चाचा शिवपाल यादव को कुंभकर्ण और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल को मारीच बताया.मंत्री जब नेताओं की तुलना रामायण के पात्रों से कर रहे थे, तब मौजूद जनता ठहाके लगा रही थी.