आगरालीक्स.. आगरा में दिल्ली के ठगों द्वारा जापान के इंजीनियर को ठगी का शिकार बनाने पर पुलिस हरकत में आई,आगरा पुलिस ने जापानी पर्यटक के कुछ ही घंटे में पैसे वापस करा दिए।
इसके बादजापानी पर्यटक को ट्रेन से वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
शनिवार को ताजमहल के पश्चिमी गेट के पास कार से टोक्यो (जापान) निवासी मैकेनिकल इंजीनियर यूकी कोवायाशी कूद गया था। उसने पुलिस को बताया था कि शनिवार को दिल्ली आया था। उसे आगरा होते हुए वाराणसी, गया और फिर कोलकाता जाना था। उसने ट्रेन से टिकट बुक करा रखी थी। होटल में ट्रैवल एजेंट मिला। उससे कहा कि आगरा में क्राइम बहुत है। वहां पर्यटक अकेला जाए तो कुछ भी हो जाता है। वह ट्रेन से नहीं टैक्सी से जाए। वह उसकी बातों में आ गया। 72 हजार रुपये में पैकेज बुक करा लिया। टैक्सी से आगरा आया। यहां उसे सब कुछ सामान्य दिखा। घूमने के दौरान उसे जानकारी हुई कि ट्रैवल एजेंसी वालों ने उसे ठग लिया है। इसलिए वह गाड़ी से कूद गया।
चंद घंटे में 72 हजार रुपये वापस
पर्यटन थाना पुलिस ने पर्यटक की तहरीर पर मंदिर मार्ग कनॉट पैलेस स्थित दिल्ली टूर एंड ट्रैवल के खिलाफ धोखाधड़ी की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया। इंस्पेक्टर पर्यटन रवि भूषण पांडेय का कहना है कि ड्राइवर को हिरासत में लिया गया था। ट्रैवल एजेंसी पर संपर्क किया। बताया कि उनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। घटना की जानकारी दिल्ली पुलिस और जापानी दूतावास को भेजी जा रही है। ट्रैवल एजेंसी को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। इसके कुछ देर बाद ही जापानी पर्यटक के खाते में पैसा वापस आ गया।