आगरालीक्स… आगरा में आए तूफान से ताजमहल कांप गया, ताजमहल के गेट की मीनार से पत्थर टूट कर गिर गए, पिलर टूट गया, सहेली बुर्ज के मकबरे की छत का गुलदस्ता टूट गया। एएसआई ने ताजमहल परिसर में तूपफान से हुए नुकसान का आकलन करने के साथ ही फोटो भी लिए हैं।
बुधवार रात सात बजे 130 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से चले तूफान और बारिश में फोरकोर्ट में लगा नीम का पेड़ लैंप पर टूटकर गिर गया। वती के बाड़े में पश्चिमी दीवार से लगा पीपल का पेड़ टूट गया। इसमें बाड़े की दीवार टूटने के साथ ही बगल के मकान की दीवार भी टूट गई है।
ये हुआ नुकसान

गुरुवार सुबह रॉयल गेट के ऊपर उत्तरी व दक्षिणी ओर 11-11 छोटी छतरियां बनी हुई हैं। छतरियों के दोनों ओर करीब 12 फुट ऊंचे जिगजैग डिजाइन (शैवरोन डिजाइन) के पिलर हैं। इनमें सफेद व काले संगमरमर के पत्थरों का इस्तेमाल हुआ है, जिससे भ्रम का अहसास होता है। आंधी में रॉयल गेट का उत्तरी-पश्चिमी जिगजैग पिलर टूटकर नीचे वीडियो प्लेटफार्म पर आ गिरा। उस समय ताज से पर्यटक बाहर जा चुके थे, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से टल गया। दक्षिणी गेट पर चारों कोनों पर करीब आठ फुट ऊंचे पिलर (मीनार) हैं। इनमें से उत्तरी-पश्चिमी पिलर टूटकर गेट की छत पर गिर पड़ा। पूर्वी गेट स्थित सरहदी बेगम के मकबरे के गुंबद पर लगा लाल पत्थर का गुलदस्ता भी आंधी में टूटकर गिर गया।