आगरालीक्स… आगरा में मेडिकल स्टोर पर फार्मेसिस्ट न मिलने पर पहली बडी कार्रवाई, दो मेडिकल स्टोर से दवाओं की खरीद बिक्री पर रोक लगाई गई। वहीं, चार मेडिकल स्टोर की बिना बिल की 92 हजार की दवाओं की बिक्री पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही 11 दवाओं के सैंपल लिए गए हैं।
सोमवार को सहायक आयुक्त औषषि शिव शरण सिंह के नेतृत्व में बृजेश कुमार यादव व राजकुमार शर्मा औषधि निरीक्षक आगरा, सुनील कुमार औषधि निरीक्षक फ़िरोज़ाबाद और सौरभ मित्तल औषधि निरीक्षक भारत सरकार ने खंदारी स्थित पुष्पा माँ समाज चैरिटेबल ब्लड बैंक का नवीनीकरण हेतु सघन निरिक्षण किया. निरिक्षण के दौरान आठ बिंदुओं पर सुधार के निर्देशों के साथ नवीनीकरण की संस्तुति की गयी.
फार्मेसिस्ट न मिलने पर खरीद बिक्री पर रोक
टीम ने खंदारी स्थित में आर्यन मेडिकल स्टोर,मित्तल मेडिकल स्टोर व सुकून मेडिकल स्टोर का सघन निरिक्षण किया गया. तीनो दुकानों से सात दवाओं के नमूने भरे गए. फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए जाने पर सुकून और आर्यन मेडिकल स्टोर पर बिक्री रोकने के आदेश दिए गए।
92 हजार की दवाओं की बिक्री पर रोक
इसके बाद छापा दल द्वारा पुष्पाञ्जलि हॉस्पिटल में स्थित चार दुकानों क्रमशः गर्ग मेडिकल एजेंसी, पुष्पाञ्जलि फार्मेसी, यश्वी मेडिसिन एण्ड सर्जिकल सेन्टर व पुष्पाञ्जलि इंस्टिट्यूट ऑफ़ कार्डियक साइंसेज का सघन निरिक्षण किया गया. इन चार दुकानों से कुल 11 नमूनें भरे गए तथा बिल न दिखाने के कारण 92456/- की दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई गयी